18 Nov 2026, Wed

BREAKING: छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग का बड़ा छापा: सुबह 5 बजे एक साथ 5 जिलों में पहुंचीं 16 टीमें

रायपुर, 18 नवंबर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के 5 जिलों में एक साथ छापेमारी की। रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में विभाग की 16 अलग-अलग टीमों ने कई कारोबारियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के ठिकानों पर दबिश दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई कर चोरी की सूचना के आधार पर की जा रही है।

सुबह 5 बजे से दस्तावेजों की जांच

जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग ने कार्रवाई के लिए 16 टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने बुधवार तड़के एक साथ अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू की। रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के कार्यालयों के साथ संचालकों के घर और औद्योगिक परिसरों को जांच के दायरे में लिया गया है।

बताया जा रहा है कि रायगढ़ इस्पात के मालिक श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के घर, कार्यालय और उद्योग में भी आयकर विभाग की टीमों ने दबिश दी है। यहां सुबह करीब 5 बजे से टैक्स से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

रायपुर में भी कई ठिकानों पर छापेमारी

राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में अधिकारियों ने दबिश दी है। इसके अलावा तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में भी छापेमारी की गई है। रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह इलाके में भी कार्रवाई की खबर सामने आई है।

जांच के बाद हो सकते हैं बड़े खुलासे

प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई से कारोबारी और औद्योगिक जगत में हलचल मच गई है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। अधिकारियों की जांच में क्या सामने आता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। जांच पूरी होने के बाद कर चोरी और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

Share
पढ़ें   CM विष्णुदेव साय ने जशपुर में स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव की जयंती पर वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का किया शुभारंभ: हर साल 8 मार्च को शिविर आयोजित करने की घोषणा, एम्स रायपुर के डॉक्टरों की टीम कर रही निःशुल्क इलाज

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *