18 Nov 2026, Wed

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अकवान, जानें रूटमैप और किन इलाकों में होगा असर

मछलीपट्टनम 
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार साइक्लोन अकवान इस समय दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में स्थित है. चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व, मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था. यह प्रणाली उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रही है। 

समुद्र की सतह का तापमान और अन्य मौसमी परिस्थितियां इसकी तीव्रता बढ़ाने में सहायक हैं. मौसम विभाग लगातार इसकी निगरानी कर रहा है. नियमित अपडेट जारी कर रहा है. नवीनतम पूर्वानुमान के मुताबिक अकवान आज शाम तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की बहुत संभावना है. इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19 नवंबर की सुबह तक बहुत गंभीर साइक्लोन बन जाएगा। 

लैंडफॉल के समय हवाओं की निरंतर गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है जबकि झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. यह आंध्र प्रदेश के लिए हाल के समय में तीसरा बड़ा चक्रवाती खतरा है जिससे राज्य प्रशासन पहले से ही सतर्क है। 

लैंडफॉल और आगे का रास्ता
साइक्लोन 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम तट पर नेल्लोर से तुनी के बीच टकराने की संभावना है. लैंडफॉल के बाद यह तेजी से कमजोर होते हुए तेलंगाना की तरफ बढ़ेगा. तटीय इलाकों में समुद्र बहुत उफान पर रहेगा इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में मछली पकड़ने की गतिविधियों को पूरी तरह रोकने की सलाह दी गई है। 

मछुआरों और नाविकों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी जारी की गई है ताकि जान-माल का नुकसान न हो. आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर अत्यधिक वर्षा भी हो सकती है जिससे निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ जाएगा। 

पढ़ें   मध्यप्रदेश कांग्रेस में सियासी हलचल, 2028 चुनाव से पहले बढ़ी खींचतान

तेज हवाओं से पेड़ उखड़ सकते हैं. बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंच सकता है. कृषि क्षेत्रों में फसलों पर भी असर पड़ने की आशंका है इसलिए किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है. ओडिशा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी बारिश का प्रभाव दिख सकता है। 

तैयारी और सरकारी कदम
आंध्र प्रदेश सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग पहले से ही तैयारियां कर रहे हैं. अधिकारियों को नियमित चेतावनी जारी करने, संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों को सूचित करने और जरूरी सेवाएं बहाल रखने के निर्देश दिए गए हैं. गिरे हुए पेड़ों और बिजली के खंभों को तुरंत हटाने, बचाव-पुनर्वास कार्यों को तेज करने और नहरों-तालाबों में रुकावट रोकने के उपाय किए जा रहे हैं। 

लोगों को आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और आपातकालीन नंबर याद रखने की सलाह है. समय पर सतर्कता बरतने से नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार स्थिति बदल सकती है इसलिए लगातार निगरानी जरूरी है। 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *