रायपुर, 18 नवंबर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में 5 से 6 लोगों के संगठित गिरोह के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इस नेटवर्क के तार छत्तीसगढ़ के अलावा मुंबई, नागपुर और अहमदाबाद तक जुड़े हुए हैं।
जांच में पता चला है कि गिरोह के सदस्य दूसरे राज्यों से महिलाओं को रायपुर बुलाते थे और यहां उनकी डिलीवरी करवाई जाती थी। इसके बाद नवजात बच्चों को दूसरे लोगों तक पहुंचाया जाता था। बच्चों की एक शहर से दूसरे शहर तक सप्लाई के लिए फ्लाइट का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर बदलते थे पहचान

पुलिस जांच में नवजात बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने का मामला भी सामने आया है। आशंका है कि गिरोह बच्चों की पहचान और जन्म से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर कर उन्हें दूसरे लोगों तक पहुंचाता था। इस पूरे फर्जीवाड़े में रायपुर के कुछ अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज कहां और किसकी मदद से तैयार किए जाते थे।
आज शाम 7 बजे होगा पूरे सिंडिकेट का खुलासा
मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आज शाम 7 बजे सिविल लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करेंगे। पुलिस की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य राज्यों के लोगों और अस्पतालों की भूमिका को लेकर भी अहम जानकारी सामने आने की संभावना है।


