18 Nov 2026, Wed

रायपुर में नवजात तस्करी का मामला उजागर, महिला और शिशु को बंधक बनाने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर

 निःसंतान दंपती की गोद भरने के नाम पर नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला को मुफ्त प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया।

यहां तीन महिलाओं ने उसकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने की योजना बनाई। महिला ने जब अपना बच्चा बेचने से इन्कार किया तो उसे डराया-धमकाया गया। यहां तक कि प्रसव के बाद नवजात सहित उसे एक महिला के घर में बंधक बनाकर रखा गया।

आरोपित महिलाओं ने महिला से कहा कि प्रसव में जो खर्च हुआ है, उसकी भरपाई बच्चे को बेचकर की जाएगी। मामले में आजाद चौक पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं के अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह केवल एक बच्चे को बेचने की कोशिश का मामला नहीं, बल्कि इसके पीछे नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा नेटवर्क भी सक्रिय हो सकता है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में हुई ऐसी घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।

मुफ्त इलाज के बहाने ओडिशा से बुलाया

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से सुंदरगढ़, ओडिशा की निवासी है। गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर की कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे भरोसा दिलाया कि रायपुर में उसका निःशुल्क प्रसव कराया जाएगा और उपचार का पूरा खर्च भी नहीं लगेगा।

पढ़ें   विधानसभा में गरजे नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत: पीएम आवास ग्रामीण योजना में गड़बड़ी का मामला उठाया, CBI जांच की मांग

आर्थिक रूप से कमजोर महिला उसकी बातों में आ गई और रायपुर पहुंच गई। यहां कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

बच्चे को बेचने पर मोटी रकम का दिया लालच

आरोप है कि तीनों महिलाओं ने गर्भवती महिला की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने की योजना बनाई। इसके बदले उसे मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया गया।

हालांकि, महिला इसके लिए तैयार नहीं हुई और उसने अपना बच्चा किसी को देने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद आरोपित महिलाओं ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसे डराया-धमकाया गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध बच्चे को बेचने की कोशिश की गई।

प्रसव के बाद नवजात के साथ बनाया बंधक

पुलिस के मुताबिक, चार नवंबर 2026 को महिला ने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरोपित उसे नवजात सहित फिर से अहिल्या के गोगांव स्थित घर ले गईं। वहां दोनों को बंधक बनाकर रखा गया। आरोप है कि महिलाओं ने पीड़िता को धमकी दी कि उसके प्रसव और उपचार में जो खर्च हुआ है, उसकी भरपाई बच्चे को बेचकर ही की जाएगी। इस तरह मदद और मुफ्त इलाज का भरोसा देकर रायपुर लाई गई महिला अपने ही नवजात को बचाने के लिए संघर्ष करने को मजबूर हो गई।

तीनों महिलाओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत पर आजाद चौक थाने में कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग के खिलाफ अपराध क्रमांक 307/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आजाद चौक पुलिस की टीम ने तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

पढ़ें   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया सिम्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का वर्चुअल लोकार्पण, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा - बिलासपुर और सरगुजा संभाग के लोगों को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

किन-किन लोगों तक फैला है नेटवर्क, जांच जारी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त में भी उनकी संलिप्तता से संबंधित जानकारी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चों को किन लोगों तक पहुंचाया जाता था, इस काम में और कौन-कौन शामिल हैं तथा इसके बदले कितनी रकम का लेनदेन होता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पूर्व में कितने नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई है। विवेचना में जिन अन्य लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपित महिलाएं

* कृतिका साहू (34 वर्ष), निवासी आमापारा रामकुंड, थाना आजाद चौक, रायपुर।

* अहिल्या नामदेव (40 वर्ष), निवासी सीतानगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।

* गीतिका नाग (36 वर्ष), निवासी स्टोरपारा पुरैना, भिलाई-3, जिला दुर्ग

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *