रायपुर, 20 नवंबर। रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शुक्रवार को यात्रियों को ऐसा सरप्राइज मिला, जिसे वे शायद ही कभी भूल पाएंगे। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम इसी फ्लाइट में सफर कर रहे थे। यात्रियों की फरमाइश पर उन्होंने विमान में ही अपने लोकप्रिय गानों की प्रस्तुति दी। कुछ देर के लिए फ्लाइट का माहौल म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसा हो गया। यात्रियों ने इस खास पल का खूब आनंद लिया और अपने मोबाइल कैमरों में इसे रिकॉर्ड कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, 20 नवंबर को रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सोनू निगम मौजूद थे। यात्रियों को जब उनके विमान में होने की जानकारी मिली तो उन्होंने सिंगर से गाने सुनाने की गुजारिश की। सोनू निगम ने भी फैंस को निराश नहीं किया और अपनी सुरीली आवाज में कई लोकप्रिय गाने सुनाए।

इस दौरान उन्होंने ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ और ‘बिजुरिया’ जैसे मशहूर गानों की प्रस्तुति दी। सोनू निगम को अपने बीच लाइव गाते देखकर यात्री काफी रोमांचित हो गए। फ्लाइट में मौजूद लोगों ने उनके गानों का आनंद लिया। कई यात्रियों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, लोगों ने कहा- फ्लाइट में ही कॉन्सर्ट हो गया
फ्लाइट में सोनू निगम की इस सरप्राइज परफॉर्मेंस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कमलेश जैन नाम के सोशल मीडिया यूजर ने यह वीडियो साझा किया है। वीडियो सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कई यूजर्स ने कमेंट किया कि फ्लाइट में ही म्यूजिक कॉन्सर्ट हो गया। वहीं, कुछ लोगों ने खुद को खुशकिस्मत बताया कि उन्हें सोनू निगम के साथ सफर करने और उन्हें इतने करीब से लाइव सुनने का मौका मिला।
ओरियाना फेस्ट में प्रस्तुति देने रायपुर आए थे सोनू निगम
जानकारी के मुताबिक, सोनू निगम 19 नवंबर को रायपुर एम्स के ओरियाना फेस्ट में शामिल होने पहुंचे थे। एम्स में आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में उन्होंने अपनी शानदार प्रस्तुति दी थी। कार्यक्रम के बाद 20 नवंबर को वे मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट में यात्रियों को उनके साथ सफर करने और लाइव गाने सुनने का यादगार मौका मिल गया।
तीन दशक से संगीत की दुनिया में सक्रिय हैं सोनू निगम
सोनू निगम हिंदी फिल्म संगीत के लोकप्रिय गायकों में शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर में रोमांटिक, देशभक्ति और भक्ति गीतों सहित कई तरह के गाने गाए हैं। ‘कल हो ना हो’, ‘संदेसे आते हैं’, ‘ये दिल दीवाना’, ‘सूरज हुआ मद्धम’ और ‘अभी मुझ में कहीं’ उनके चर्चित गानों में शामिल हैं।
सोनू निगम अब तक 32 भाषाओं में 6 हजार से ज्यादा गाने गा चुके हैं। वर्ष 1995 में गुलशन कुमार ने उन्हें फिल्म ‘बेवफा सनम’ में गाने का मौका दिया था। इसके बाद वर्ष 1997 में उन्होंने फिल्म ‘बॉर्डर’ के लिए रूप कुमार राठौड़ के साथ मिलकर देशभक्ति गीत ‘संदेशे आते हैं’ गाया, जो आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2022 में पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था।


