21 Nov 2026, Sat

राहुल-पडिक्कल और गिल ने कीवी गेंदबाजों को थकाया: भारत का स्कोर 486/4, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में 118 रन आगे

 

रायपुर, 21 नवंबर 2026: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर शनिवार को तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने पहली पारी में 4 विकेट पर 486 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड पर 118 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है।

भारत की ओर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल ने 136 रन, देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन और कप्तान शुभमन गिल ने 98 रन की पारी खेली। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 55 रन बनाकर नाबाद हैं।

पंत ने महज 62 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। दिन का खेल समाप्त होने तक उनके साथ अंशुल कंबोज क्रीज पर मौजूद थे।

राहुल और पडिक्कल के बीच 165 रन की साझेदारी

भारत की पारी की मजबूत नींव केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने रखी। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की शानदार साझेदारी हुई। इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 89 गेंदों में 85 रन बनाए थे।

राहुल ने दूसरे दिन के अपने नाबाद 52 रनों के स्कोर से आगे खेलते हुए 207 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 290 गेंदों का सामना करते हुए 136 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। राहुल की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को काफी परेशान किया।

वहीं पडिक्कल ने 175 गेंदों में 80 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके लगाए। उन्हें काइल जैमीसन ने आउट किया।

पढ़ें   छत्तीसगढ़ में शिक्षा-नवाचार का महासंधि : CM विष्णु देव साय की मौजूदगी में IIM-NIT और मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन के बीच ₹172 करोड़ के त्रिपक्षीय MOU पर हस्ताक्षर, गांव-गांव पहुंचेगा कौशल विकास और उद्यमिता का उजियारा

शतक से चूके कप्तान शुभमन गिल

राहुल के बाद कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने राहुल के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। गिल ने 146 गेंदों में 98 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। हालांकि जैकब डफी ने उन्हें आउट कर शतक से दो रन पहले पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद ऋषभ पंत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने 55 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और भारत को न्यूजीलैंड के पहली पारी के स्कोर से आगे पहुंचा दिया।

न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बनाए थे 368 रन

इससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी 121 ओवर में 368 रनों पर सिमट गई थी। टीम की ओर से हेनरी निकोल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 175 रन बनाए। उन्होंने 335 गेंदों का सामना किया। वहीं ग्लेन फिलिप्स ने 216 गेंदों में 118 रन की पारी खेली।

भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह सबसे सफल रहे। उन्होंने 92 रन देकर चार विकेट हासिल किए। आकाश दीप ने 53 रन देकर तीन विकेट लिए। अंशुल कंबोज को दो और प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला।

न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने 70 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद निकोल्स और फिलिप्स ने छठे विकेट के लिए 216 रनों की बड़ी साझेदारी कर टीम को मुश्किल से बाहर निकाला और सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

भारत की स्थिति मजबूत, दो दिन का खेल बाकी

तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 118 रनों की बढ़त बना ली है और उसके छह विकेट शेष हैं। अब भारतीय टीम की कोशिश चौथे दिन अपनी बढ़त को और बड़ा करने की होगी, ताकि न्यूजीलैंड के सामने दूसरी पारी में बड़ा लक्ष्य रखा जा सके। टेस्ट मैच में अभी दो दिन का खेल बाकी है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *