21 Nov 2026, Sat

पहले हत्या, फिर बाइक समेत शव जलाया: बिलासपुर के जंगल में मिला 90% जला युवक, एक महीने पहले चोरी हुई थी बाइक

बिलासपुर, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोटा क्षेत्र के शिवतराई जंगल में एक प्राइवेट रिसॉर्ट के पास युवक की हत्या कर उसके शव को बाइक समेत जला दिया गया। आरोपियों ने युवक के हाथ-पैर और सिर को जीआई तार से बाइक के अलग-अलग हिस्सों में बांध दिया था। घटना में युवक का करीब 90 फीसदी शरीर जल गया है। पुलिस को मौके से दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिली हैं।

पुलिस को आशंका है कि युवक की पहले हत्या की गई और फिर पहचान छिपाने के लिए शव को बाइक समेत आग के हवाले कर दिया गया। शुरुआती जांच में इस वारदात के तार पड़ोसी जिले मुंगेली से जुड़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मुख्य मार्ग से 50 मीटर अंदर खड़ी मिली बाइक

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम शिवतराई जंगल में मुख्य मार्ग से करीब 50 मीटर अंदर एक बाइक स्टैंड पर खड़ी मिली। बाइक के पास ही युवक का जला हुआ शव पड़ा था। जांच के दौरान पुलिस को युवक के हाथ लेग गार्ड, पैर फुट रेस्ट और सिर बाइक के हैंडल से बंधे मिले।

पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पेट्रोल या किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल कर आग लगाई होगी। हालांकि, फोरेंसिक जांच में फिलहाल ज्वलनशील पदार्थ के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, घटना करीब दो दिन पुरानी हो सकती है।

दो नंबर प्लेट मिलीं, एक महीने पहले चोरी हुई थी बाइक

पढ़ें   रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का बड़ा असर: नाकेबंदी में 4 ट्रक पकड़े, 81 टन अवैध कबाड़ जब्त, 82 लाख की संपत्ति सीज

जांच के दौरान घटनास्थल से पुलिस को दो अलग-अलग नंबर प्लेट मिलीं। इनमें एक पर सीजी-25 (बेमेतरा) और दूसरी पर सीजी-10 (बिलासपुर) लिखा हुआ था। बाइक के चेसिस नंबर से जांच करने पर पता चला कि वह मुंगेली पासिंग की है।

बताया जा रहा है कि बाइक मुंगेली के एक बुजुर्ग के नाम पर रजिस्टर्ड है और करीब एक महीने पहले जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई थी। पुलिस इस आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

मुंगेली के युवक पर शक, परिजनों ने पहचान से किया इनकार

पुलिस की शुरुआती जांच में शव की पहचान मुंगेली के शिक्षक कॉलोनी निवासी मिथिलेश वर्मा (33), पिता राजेंद्र कुमार वर्मा के रूप में होने की आशंका जताई गई है। मिथिलेश मुंगेली बस स्टैंड रोड स्थित पड़ाव चौक पर कियोस्क सेंटर चलाता था। बताया जा रहा है कि वह 16 नवंबर की शाम से लापता है।

हालांकि, परिजनों ने जले हुए शव की पहचान मिथिलेश के रूप में करने से इनकार किया है। ऐसे में पुलिस मोबाइल की कॉल हिस्ट्री, तकनीकी साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर मृतक की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।

रंजिश और प्रेम प्रसंग समेत कई एंगल पर जांच

पुलिस को आशंका है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। जांच में पुरानी रंजिश, प्रेम संबंध और अन्य संभावित कारणों को भी शामिल किया गया है। मृतक के मोबाइल की कॉल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। बार-बार संपर्क में रहने वाले नंबरों की पड़ताल कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

पढ़ें   अबूझमाड़ की विरासत को मिलेगी दुनिया में पहचान: पीला-काला कोसरा और तिखुर के लिए शुरू हुई GI टैग की प्रक्रिया

बारिश से सबूत जुटाने में परेशानी, डॉग स्क्वायड भी पहुंचा

शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारी, फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्निफर डॉग करीब 100 मीटर तक घूमने के बाद वापस लौट आया। बारिश के कारण घटनास्थल पर मौजूद कई संभावित साक्ष्य धुलने की आशंका है, जिससे जांच में परेशानी आ रही है।

फिलहाल पुलिस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक की पहचान और हत्या के पीछे की असली वजह सामने आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *