21 Nov 2026, Sat

बिलासपुर के होटलों में खाद्य विभाग की छापेमारी: ग्रैंड अंबा और सिल्वर ओक की रसोई में मिलीं खामियां, ग्रेवी-पनीर के सैंपल लिए

बिलासपुर, 21 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने होटल और रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान ईस्ट पार्क, ग्रैंड अंबा, सिल्वर ओक समेत कई प्रतिष्ठानों की रसोई में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ी खामियां सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।

यह कार्रवाई ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ अभियान के तहत की गई। शुक्रवार को जांच के दौरान ईस्ट पार्क से वेज ग्रेवी और पनीर के नमूने लिए गए। वहीं, ग्रैंड अंबा से टोमैटो ग्रेवी और हल्दी पाउडर के सैंपल जांच के लिए एकत्र किए गए।

ग्रैंड अंबा और सिल्वर ओक में मिलीं खामियां

निरीक्षण के दौरान ग्रैंड अंबा और सिल्वर ओक में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियां पाई गईं। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई। इसके अलावा दावते दिल्ली की शिव टॉकीज रोड और टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित दोनों शाखाओं की भी जांच की गई। यहां भी कमियां मिलने पर संचालकों को सुधार करने के निर्देश दिए गए।

टीम ने मोपका स्थित डाउन टाउन, गुलमोहर रेस्टोरेंट और नेहरू चौक के पौष्टिकम का भी निरीक्षण किया। डाउन टाउन में खामियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई।

अखबार में खाना परोसने पर रोक

जांच के दौरान अधिकारियों ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। खाद्य सामग्री के भंडारण में फर्स्ट इन-फर्स्ट आउट (FIFO) प्रणाली अपनाने और कर्मचारियों को हेड कैप व ग्लव्स पहनाने को कहा गया।

पढ़ें   CG के जशपुर में दो ट्रकों की जोरदार टक्कर : दोनों चालक की मौके पर मौत, पुलिस ने गैस कटर से निकाले शव

इसके अलावा अखबार में खाना परोसने या खाद्य सामग्री लपेटने पर रोक लगाने, ढक्कनयुक्त डस्टबिन रखने, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

इस कार्रवाई में उपसंचालक डॉ. शुभा गरेवाल के मार्गदर्शन में अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल, अमिशा मरावी और प्रतीक तिवारी शामिल रहे।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *