दुर्ग-भिलाई, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कारोबारी को 19 नवंबर को वॉट्सऐप पर धमकी भरा वॉइस नोट भेजा गया। इसमें धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की चेतावनी दी।
धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने उसी दिन शाम को दुर्ग के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार की सुरक्षा को देखते हुए कारोबारी के घर के बाहर पिछले तीन दिनों से पुलिस बल तैनात है।

वॉइस नोट और मोबाइल नंबर की जांच कर रही पुलिस

शिकायत के बाद दुर्ग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस की टीम कारोबारी के घर के बाहर तैनात है। वहीं, वॉट्सऐप पर भेजे गए वॉइस मैसेज और उससे जुड़े मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जुटा रही है।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता से इनकार किया है। जांच की जा रही है कि धमकी देने वाले का वास्तव में गैंग से कोई संबंध है या उसने सिर्फ गैंग का नाम लेकर कारोबारी को डराने की कोशिश की है।
मेडिकल उपकरण खरीदी मामले में भी आ चुका है नाम
शशांक चोपड़ा की फर्म मेडिकल उपकरण, जांच में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और स्वास्थ्य से जुड़े सामान की सप्लाई करती है। उनका नाम छत्तीसगढ़ में मेडिकल उपकरणों और री-एजेंट की खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी सामने आया था।
इस मामले में जनवरी 2025 में ACB और EOW ने केस दर्ज किया था। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी लेनदेन की जांच शुरू की। जांच एजेंसियों ने खरीदी में गड़बड़ी और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे।
इस मामले में शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार भी किया गया था। बाद में उन्हें अलग-अलग मामलों में अदालत से जमानत मिल गई थी। फिलहाल रंगदारी और धमकी के मामले में पुलिस की जांच जारी है।


