22 Nov 2026, Sun

झारक्राफ्ट स्टॉल पर दो हजार से बीस हजार रुपये तक की सिल्क साड़ियां, बढ़ी ग्राहकों की भीड़

रांची
 भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर-आईआईटीएफ-2026) में झारखंड पवेलियन के झारक्राफ्ट और झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टाल राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और स्वदेशी उत्पादों की विविधता को लेकर चर्चा में हैं।

दोनों स्टाल पर खरीदारी के लिए पहुंच रहे आगंतुकों को झारखंड की पारंपरिक कला, बुनकरी और स्थानीय उत्पादों की विस्तृत रेंज आकर्षित कर रही है।

खादी के उत्पाद भी लोगों को कर रहे आकर्षित
झारक्राफ्ट के स्टाल पर तसर और मलबेरी सिल्क की साड़ियों के साथ आकर्षक दुपट्टे एवं अन्य वस्त्र उत्पादों की विशेष मांग देखने को मिल रही है।

वहीं, झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अपने खादी उत्पादों के विविध संग्रह के साथ आगंतुकों का ध्यान खींच रहा है।

स्टाल पर खादी से निर्मित जैकेट, शाल, साड़ियां, पैंट और दुपट्टे उपलब्ध हैं। इसके अलावा, बोर्ड के शैंपू, फेसवाश, हर्बल हेयर आयल और बाडी लोशन जैसे व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पाद भी लोगों की रुचि बढ़ा रहे हैं।

मौजूद है साड़ियों की पूरी रेंज
झारक्राफ्ट के स्टाल पर तमाम सिल्क साड़ियां उपलब्ध हैं। तसर, मलबेरी, बनारसी सिल्क साड़ियों की कीमत दो हजार रुपये से लेकर बीस हजार रुपये तक है।

पारंपरिक बुनाई और आकर्षक डिजाइन वाली इन साड़ियों के साथ काटन बेडशीट, दुपट्टे और विभिन्न प्रकार के कपड़े भी ग्राहकों की पसंद बन रहे हैं। स्टाल पर वस्त्र उत्पादों की विविधता और सिल्क की गुणवत्ता आगंतुकों को खरीदारी के लिए आकर्षित कर रही है।

झारक्राफ्ट के उत्पादों की मांग और बिक्री में हो रहा है इजाफा
स्टाल संचालक जायल ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बीटूबी कारोबार के दौरान बिक्री अपेक्षाकृत धीमी रही। हालांकि, आम जनता के लिए मेला खुलने के बाद स्टाल पर आगंतुकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसका सकारात्मक असर बिक्री पर भी देखने को मिल रहा है।

पढ़ें   झारखंड शराब घोटाला में बड़ी कार्रवाई : छत्तीसगढ़ वेलकम डिस्टलरी के डायरेक्टर राजेंद्र उर्फ चुन्नू जायसवाल गिरफ्तार, बिलासपुर में ACB की दबिश

उम्मीद जताई कि मेले के आगामी दिनों में ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही के साथ झारक्राफ्ट के उत्पादों की मांग और बिक्री में और इजाफा होगा।

गौरतलब है कि झारक्राफ्ट झारखंड के पारंपरिक हथकरघा, रेशम उत्पादन और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय कारीगरों एवं बुनकरों को बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

आईआईटीएफ-2026 के जरिए इन उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अवसर मिल रहा है।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *