23 Nov 2026, Mon

बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वालों की अब खैर नहीं: स्वास्थ्य मंत्री बोले- अस्पताल बंद होगा, डॉक्टरों की डिग्री भी होगी फ्रीज

रायपुर, 23 नवंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश होने के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने और मामले में संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री फ्रीज करने की तैयारी की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सोमवार को मीडिया से चर्चा में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अस्पताल का लाइसेंस कैंसल किया जाएगा और इसमें संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री भी फ्रीज की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दोषियों को ऐसी सजा दी जाएगी, जिसे उनकी पीढ़ियां भी याद रखेंगी।

SIT जांच की मांग पर मंत्री का जवाब

कांग्रेस द्वारा पूरे मामले की एसआईटी जांच की मांग किए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार एसआईटी जांच कराएगी। इसके साथ ही अन्य स्तरों पर भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित अस्पताल कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू हुआ था और उसके शुभारंभ कार्यक्रम में कांग्रेस के मंत्री और विधायक शामिल हुए थे। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि कांग्रेस इस मामले में संलिप्त है। उन्होंने कांग्रेस से इस गंभीर मामले में राजनीति नहीं करने की अपील की।

निकाय चुनाव में सभी सीटें जीतने का दावा

राजस्थान के निकाय चुनाव में भाजपा को मिली हार के सवाल पर जायसवाल ने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं। नगरीय निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सभी नगरीय निकायों में जीत दर्ज करेगी। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था।

पढ़ें   जशपुर में समाज कल्याण योजनाओं का असर: 82 हजार से ज्यादा लोगों को मिल रहा लाभ, पेंशन और सहायता से बदल रही जिंदगी

बूथ स्तर तक काम करेंगे भाजपा के मोर्चा-प्रकोष्ठ

भाजपा के मोर्चा-प्रकोष्ठों को बूथ स्तर पर काम करने की जिम्मेदारी दिए जाने पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मोर्चों का गठन किया गया है। सभी मोर्चे नियमित दौरे और संगठन विस्तार के साथ बूथ स्तर तक अपनी गतिविधियां संचालित करेंगे।

पटवारी हड़ताल पर कांग्रेस को घेरा

पटवारियों की हड़ताल खत्म होने को लेकर कांग्रेस के सवालों पर स्वास्थ्य मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस चाहती है कि आम जनता परेशान होती रहे। उन्होंने कहा कि हड़ताल खत्म होने पर कांग्रेस को मुख्यमंत्री का धन्यवाद करना चाहिए।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *