23 Nov 2026, Mon

बस्तर में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी: 9.46 लाख की 7010 बोतलें जब्त, तीन वाहन भी पकड़े; एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में

रायपुर, 23 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने छापेमारी कर 9 लाख 46 हजार रुपए की अंग्रेजी शराब जब्त की है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

छोटे कड़मा में पकड़ी गई शराब की बड़ी खेप

जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की जगदलपुर रेंज की टीम ने दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा गांव में दबिश दी। इस दौरान मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। टीम ने कुल 1261.8 बल्क लीटर शराब यानी 7010 बोतलें जब्त की हैं। इसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार रुपए बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने प्रवीण बघेल को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी सुनील सेठिया मौके से फरार होने में सफल रहा। विभाग ने आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Share
पढ़ें   कोरबा नगर निगम सभापति चुनाव में विवाद: BJP ने बनाई तीन सदस्यीय जांच समिति, 7 दिन में सौंपेगी रिपोर्ट

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *