23 Nov 2026, Mon

राजस्थान के सभी 41 जिलों में बने प्रवासी प्रकोष्ठ, प्रवासियों की भागीदारी बढ़ाने पर सरकार का जोर

जयपुर
मुख्य सचिव  वी. निवास ने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन प्रवासी राजस्थानियों और उनकी मातृभूमि के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने तथा राज्य के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने फाउंडेशन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों के साथ स्थापित हो रहे मजबूत जुड़ाव की सराहना करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने आगामी 10 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव सोमवार को शासन सचिवालय में राजस्थान फाउंडेशन की 14वीं कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में फाउंडेशन की गतिविधियों, संगठनात्मक संरचना, देश-विदेश में संचालित चैप्टर्स, प्रवासी राजस्थानियों से संवाद एवं सहभागिता बढ़ाने तथा आगामी प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यक्रम के सत्र रोचक, संवादपरक एवं ज्ञानवर्धक हों, जिससे प्रतिभागियों को सार्थक अनुभव प्राप्त हो।

बैठक में आयुक्त, राजस्थान फाउंडेशन एवं विशिष्ट शासन सचिव, डोरा(DoRA) डॉ. मनीषा अरोड़ा ने पीपीटी के माध्यम से फाउंडेशन की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक संरचना एवं आगामी गतिविधियों एवं योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने जानकारी दी कि देश- विदेश में राजस्थान फाउंडेशन के कुल 51 चैप्टर्स है, जिनमे 25 डोमेस्टिक चैप्टर्स एवं 26 इंटरनेशनल चैप्टर्स शामिल है। उन्होंने बताया कि ये चैप्टर्स देश-विदेश के उन प्रमुख शहरों में स्थापित किए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी निवास करते हैं। ये चैप्टर्स प्रवासी राजस्थानियों के लिए सपोर्ट सेंटर के रूप में कार्य करते हुए उनके साथ निरंतर संपर्क, संवाद एवं समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं

पढ़ें   झारखंड में किसे मिलेगा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार? 20 नवंबर को होगा नाम का चयन

डॉ. अरोड़ा ने बताया कि प्रदेश के सभी 41 जिलों में जिला प्रवासी प्रकोष्ठों का गठन किया जा चुका है तथा इनमें नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। बैठक में कार्यकारी समिति की पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की एक्शन टेकन रिपोर्ट पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त राजस्थान फाउंडेशन की गाइडलाइंस में संशोधन, राजस्थान फाउंडेशन चैप्टर्स के लिये ड्राफ्ट मॉडल कंस्टीट्यूशन तथा फाउंडेशन के सेवा नियमों के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव, उद्योग एवं डोरा,  टी. रविकांत, राजस्थान फाउंडेशन की कार्यकारिणी समिति के अन्य सदस्यों के साथ-साथ फाउंडेशन एवं डोरा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *