रायपुर, 24 नवंबर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी के मुताबिक, वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित ने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटरों को आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा देकर उनसे कथित तौर पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। इस रकम के बदले जजों और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच बनाने का दावा किया गया था। मामले में रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट ने हिमांशु को 28 नवंबर तक ED की रिमांड पर सौंप दिया है।
इस हाईप्रोफाइल मामले में सुनवाई के लिए रायपुर की विशेष अदालत आधी रात तक खुली रही। 23 नवंबर की रात 10:45 बजे सुनवाई शुरू हुई। ED और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने आदेश सुनाया। रात करीब 1 बजे, यानी 24 नवंबर की तारीख शुरू होने के बाद अदालत की कार्यवाही समाप्त हुई। रायपुर के न्यायिक इतिहास में PMLA स्पेशल कोर्ट में इस तरह देर रात तक सुनवाई का यह पहला मामला बताया जा रहा है।

दुबई के विला में हुई थी 15 करोड़ की डील
ED की रिमांड अर्जी के मुताबिक, महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने 15 नवंबर को दिए बयान में बताया कि अक्टूबर 2023 की शुरुआत में मुंबई स्थित कुरैशी प्रोडक्शंस में तलाशी चल रही थी। इसी दौरान महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े वसीम कुरैशी ने मदद मांगी। इसके बाद दुबई में प्रमोटरों और हिमांशु की मुलाकात कराई गई।

ED के अनुसार, दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में हुई बैठक में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, वकील सुमित कोचर और हिमांशु मौजूद थे। सौरभ ने आरोप लगाया कि हिमांशु ने महादेव बुक और उसके प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले अक्टूबर 2023 में कथित तौर पर 15 करोड़ रुपए लेने की बात कही गई।
जज और वकीलों से बात होने का देता था भरोसा
ED ने रिमांड आवेदन में सौरभ चंद्राकर के बयान का हवाला देते हुए कहा है कि हिमांशु प्रमोटरों को भरोसा दिलाता था कि उसकी जजों और वकीलों से बात हो चुकी है। वह कथित तौर पर कहता था कि “बात हो रखी है लॉयर और जज साहब से।”
एजेंसी के मुताबिक, हिमांशु ने कुछ रकम लेने के अलावा अदालत में ऐसी बातें भी रखीं, जिनसे प्रमोटरों को यह भरोसा हो सके कि उनके लिए बताई गई व्यवस्था के मुताबिक काम हो रहा है।
गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी की खबर पहले देने का दावा
ED की अर्जी में सौरभ के 18 नवंबर को दर्ज बयान का भी उल्लेख है। इसमें गिरिश तलरेजा का जिक्र किया गया है। सौरभ के मुताबिक, गिरिश ऑनलाइन सट्टा साइट Lotus365.com में प्रमोटरों का साझेदार था, लेकिन बाद में उनके खिलाफ हो गया था।
सौरभ ने बताया कि गिरिश के भारत आने और जयपुर के बाद भोपाल में उसकी लोकेशन की जानकारी प्रमोटरों ने दुबई में मौजूद हिमांशु को दी थी। इसके तीसरे दिन जब गिरिश भोपाल के एक होटल में ठहरा था, तब हिमांशु ने कथित तौर पर प्रमोटरों को बताया कि उसी दिन गिरिश गिरफ्तार होगा। बाद में उसी दिन ED ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सौरभ ने इस घटनाक्रम को हिमांशु का प्रमोटरों के लिए किया गया सबसे अहम काम बताया। ED के मुताबिक, प्रमोटरों का भरोसा जीतने के लिए हिमांशु ने उन्हें कुछ गोपनीय जानकारियां भी दी थीं।
हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब मिला
ED की रिमांड अर्जी में दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच कई किस्तों में बड़ी रकम दिए जाने का दावा किया गया है। सौरभ के बयान के मुताबिक, हिमांशु ने कथित तौर पर कहा था कि यह पैसा भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद देने और कुछ रकम दुबई पहुंचाने का दावा भी किया गया है।
ED ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। इस दौरान पंचशील पार्क स्थित घर से हाथ से लिखे नोट मिलने की बात कही गई है। इनमें “Mumbai Hawala Raju Bhai”, “Wasem” और दिल्ली-मुंबई में रकम भेजने से जुड़े उल्लेख हैं।
एक अन्य नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपए के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब दर्ज होने की बात सामने आई है। नोट में “7 months plan” भी लिखा मिला। ED अब इन नोट्स में दर्ज राजू या राजू भाई की पहचान और कथित हवाला नेटवर्क की जांच कर रही है।
मोबाइल में महादेव बुक का वीडियो और डिलीट मैसेज मिले
ED के मुताबिक, हिमांशु के Samsung Galaxy Fold फोन की जांच में 473 MB का एक वीडियो मिला, जिसके प्रीव्यू पर “MAHADEV BOOK” लिखा था। फोन में 30 अक्टूबर 2023 नाम की वीडियो फाइल और 25 अक्टूबर 2023 की चार पार्टी क्लिप मिलने का भी उल्लेख है। इसके अलावा सौरभ चंद्राकर के नाम से तीन अलग-अलग कॉन्टैक्ट सेव होने की बात कही गई है।
एजेंसी के अनुसार, सौरभ के बयान में हिमांशु का नाम आने के अगले दिन 16 नवंबर को “Shekhar Iphone” नाम से सेव नंबर के साथ हुई WhatsApp चैट में एक मैसेज डिलीट किया गया था। डिजिटल जांच में पता चला कि मैसेज रात 10:44:13 बजे भेजा गया और सात सेकंड बाद सभी के लिए डिलीट कर दिया गया।
20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद फोन में कुछ SMS भी मिले। इनमें “Just say you were is only the lawyer deny everything” और “They will release today thoda bahut puch ke” जैसे संदेश शामिल हैं। ED ने दूसरे iPhone का पासकोड नहीं मिलने और उसके फैक्ट्री रीसेट होने को भी जांच में शामिल किया है।
52 लाख की कंपनी एक साल में 15.55 करोड़ की हुई
ED ने कोर्ट को हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड की जानकारी भी दी। एजेंसी के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक हिमांशु के पास कंपनी के 75 प्रतिशत शेयर थे। कंपनी का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया।
कंपनी ने 2025 में लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए लोन भी लिया। ED ने हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 में 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपए जमा होने से जुड़े मैसेज का उल्लेख किया है। अर्जी के मुताबिक, 9 नवंबर को उसके ICICI बैंक खाते में करीब 2.08 करोड़ रुपए का बैलेंस था। एजेंसी इन रकमों के स्रोत की जांच करना चाहती है।
विदेश यात्राओं का रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में
ED ने हिमांशु के इमिग्रेशन रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया कि वह 21 अक्टूबर 2023 को दिल्ली से दुबई गया और 25 अक्टूबर को मुंबई लौटा। इसके बाद 28 अक्टूबर को फिर दिल्ली से रवाना हुआ और 3 नवंबर को मुंबई लौटा। दूसरी यात्रा में वकील सुमित कोचर भी उसी दिन फ्लाइट से रवाना हुए थे।
दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच हिमांशु ने विदेश की नौ और यात्राएं कीं। इनमें सात यात्राएं दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हुईं। ED ने इन यात्राओं को सौरभ के उस बयान से जोड़कर देखा है, जिसमें इसी अवधि में किस्तों में रकम देने का दावा किया गया है।
हिमांशु ने 65 लाख रुपए को बताया प्रोफेशनल फीस
पूछताछ में हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से दुबई के विला नंबर 45 में मुलाकात की बात स्वीकार की। हालांकि, उसने बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई।
हिमांशु ने अपने लेन-देन को पेशेवर फीस बताते हुए कहा कि उसे वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपए और प्रमोटरों से 40 लाख रुपए बैंक खाते के जरिए मिले थे। ED के मुताबिक, वह 15 करोड़ रुपए और नकद किस्तों से जुड़े आरोपों का संतोषजनक हिसाब नहीं दे पाया।
अब रिमांड के दौरान ED हिमांशु से कथित रकम के स्रोत, हवाला नेटवर्क, नोट्स में लिखे नामों, डिजिटल डेटा और अन्य सट्टा ऐप्स से संबंधों को लेकर पूछताछ करेगी। एजेंसी SkyExchange के साथ संभावित संबंधों की भी जांच करने की तैयारी में है।


