24 Nov 2026, Tue

मनेंद्रगढ़ में ट्रक ने बाइक को 200 मीटर तक घसीटा: अस्पताल से लौट रहे दो युवती और युवक की मौत, हादसे से मचा हड़कंप

मनेंद्रगढ़। 24 नवंबर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवतियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर इमली गोलाई के पास ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवारों को ट्रक करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, दो युवतियां और एक युवक बाइक से अस्पताल में इलाज कराने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में इमली गोलाई के पास उनकी बाइक की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान युवती की भी मौत

हादसे में युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरी युवती को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तीनों मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ग्राम नगोई निवासी भवन सिंह (27 वर्ष), ग्राम बरबसपुर निवासी भूमिका (18 वर्ष) और ग्राम नगोई निवासी प्रमिला (20 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Share
पढ़ें   आज की बड़ी खबरें : वित्त मंत्री ओ पी चौधरी पेश करेंगे बजट....बजट से पहले कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक...बेरोजगार युवाओं के लिए बजट हो सकता है खास...पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *