25 Nov 2026, Wed

साइबर ठगों का नया तरीका बेनकाब, APK फाइल से खाते खाली करने वाले 10 गिरफ्तार

जामताड़ा
 जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में छापेमारी कर 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित फर्जी मोबाइल नंबर के जरिए लोगों को फोन कर साइबर ठगी की घटना को अंजाम देते थे।

गांव में पानी टंकी के पीछे छापेमारी
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों के सहयोग से नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी गांव में पानी टंकी के पीछे छापामारी की। यहां से पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में बंदरचुआं गांव निवासी साजिद अंसारी (23), समीर अंसारी (24), दिलबर अंसारी (21), कलीम अंसारी (42) और इमरान अंसारी (25) शामिल हैं।

कस्टमर केयर बनकर करते थे फ्रॉड
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने मिहिजाम थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें लीलानगर कानगोई निवासी संजय मंडल, राजू मंडल और दुन्नू मंडल के अलावा शंकरपुर गांव निवासी धीरज कुमार साव तथा बीरसिंह गांव निवासी रविशन मुर्मू शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी गूगल पर विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट कंपनियों और उपभोक्ता सामग्री कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपना फर्जी मोबाइल नंबर डालते थे। इसके बाद ग्राहक सहायता के लिए फोन करने वाले लोगों को कॉल कर उनकी समस्याओं के समाधान का झांसा देते थे। आरोपित मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करवाते थे। इसके जरिए उनके बैंक खातों से संबंधित गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी करते थे।

पढ़ें   दिल्ली के मेले में झारखंड का जलवा, महिलाओं ने महुआ और गाय के घी से तैयार किए अनोखे प्रोडक्ट्स

इसके अलावा आरोपित अपने नाम से चार से पांच से अधिक सिम कार्ड प्राप्त कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे।पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अब तक 170 साइबर अपराधी गिरफ्तार
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से 25 नवंबर 2026 तक जिले में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 170 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 410 मोबाइल, 496 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, चार लैपटॉप और 13 मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। इसके अलावा 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

बरामदगी बॉक्स

    मोबाइल फोन : 16
    सिम कार्ड : 17
    लैपटॉप : 01
    गिरफ्तार आरोपित : 10

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *