25 Nov 2026, Wed

रिंकू-प्रिया की शादी में जुटेंगे दिग्गज, मोदी-योगी और अखिलेश यादव को मिला न्योता

 लखनऊ
टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. आगामी 4 दिसंबर को नवाबों के शहर लखनऊ स्थित होटल रमाडा में दोनों सात फेरे लेंगे. इस ग्रैंड वेडिंग में राजनीति, क्रिकेट और बॉलीवुड जगत की तमाम दिग्गज हस्तियों समेत देश भर से करीब दो हजार मेहमान शामिल होंगे. शादी की रस्मों का आगाज 3 दिसंबर से ही हो जाएगा, जिसके लिए रिंकू सिंह और प्रिया सरोज के परिवार एक दिन पहले ही वेन्यू पर पहुंच जाएंगे. होटल रमाडा में ही मेहंदी, पूजा और शादी से जुड़ी बाकी सभी पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी। 

इस हाई-प्रोफाइल शादी में शामिल होने के लिए VVIP मेहमानों की लंबी लिस्ट तैयार की गई है. क्रिकेटर रिंकू सिंह की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खास निमंत्रण भेजा गया है. वहीं, प्रिया सरोज ने प्रियंका गांधी के जरिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तक अपना न्योता पहुंचाया है। 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इस समारोह में सपरिवार शिरकत कर सकते हैं. प्रिया सरोज के निमंत्रण पर अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी सांसद डिंपल यादव और बच्चों के भी लखनऊ पहुंचने की पूरी संभावना है।  

इसके अलावा, प्रिया सरोज और उनके पिता तूफानी सरोज की तरफ से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, किंजरापु राम मोहन नायडू और कमलेश पासवान सहित करीब एक दर्जन केंद्रीय मंत्रियों और 90 के आसपास सांसदों व विधायकों को आमंत्रित किया गया है. कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला भी समारोह में शामिल हो सकते हैं। 

पढ़ें   आज की बड़ी खबरें : डिप्टी CM अरुण साव आरंग और बिलासपुर के दौरे पर...भारत और न्यूजीलैंड की भिंड़त फाइनल में...रोमांचक मुकाबले में भारत ने दी वेस्टइंडीज को शिकस्त...पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

सियासत के अलावा क्रिकेट और मनोरंजन जगत के सितारों का भी जमावड़ा लगेगा. 3 दिसंबर से ही रिंकू के साथी क्रिकेटरों का आना शुरू हो जाएगा. गेस्ट लिस्ट में सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, तिलक वर्मा, प्रवीण कुमार, आरपी सिंह और पीयूष चावला जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. भोजपुरी इंडस्ट्री से सिंगर समर सिंह समेत कई कलाकार भी इस जश्न का हिस्सा बनेंगे. दुल्हन बनने जा रहीं प्रिया सरोज के वेडिंग आउटफिट और ज्वेलरी पर भी खास ध्यान दिया गया है. उन्होंने नई दिल्ली और लखनऊ से अपने परिधानों का खास कलेक्शन तैयार करवाया है, जिसमें वाराणसी की मशहूर बनारसी साड़ियां भी शामिल हैं। 

दिलचस्प बात यह है कि जयमाल के वक्त प्रिया अपने क्षेत्र पिंडरा के लोकल मार्केट की ज्वेलरी पहनेंगी, जिसे उनके लहंगे के साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी के कॉम्बिनेशन में स्टाइल किया जाएगा. इसके अलावा, दिल्ली के पीसी ज्वैलर्स और बनारस के मोहम्मद जुबैर से भी गहनों की खरीदारी की गई है. मेहमानों की आवभगत के लिए शाही इंतजाम किए गए हैं. शादी का पूरा मेन्यू पूरी तरह से शाकाहारी रखा गया है, जिसमें वेलकम सूप से लेकर कई तरह के लजीज व्यंजन और खास डेजर्ट शामिल रहेंगे। 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *