25 Nov 2026, Wed

घायल कोयल की चीख सुन पसीजा दिल : ओम उपाध्याय ने बचाई बेजुबान की जान, वन विभाग की तत्परता से 10 मिनट में हुआ रेस्क्यू, उर्मिला फाउंडेशन करेगा सम्मानित

रायपुर, 25 नवंबर 2026

इंसानियत की असली पहचान तब होती है, जब कोई व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ के किसी बेजुबान की जिंदगी बचाने के लिए आगे आता है। सड़क पर घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही एक कोयल को देखकर ओम उपाध्याय ने भी कुछ ऐसा ही किया। उनकी संवेदनशीलता और तत्परता ने न सिर्फ एक बेजुबान पक्षी की जान बचाई, बल्कि समाज के सामने मानवता की एक प्रेरक मिसाल भी पेश की है।

मामला धमतरी जिले के कुरूद सिविल अस्पताल के सामने का है। उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में कार्यरत ओम उपाध्याय अपनी निजी कार से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी एक कोयल पर पड़ी। पक्षी दर्द से तड़प रहा था। आसपास से लोग गुजर रहे थे, लेकिन ओम उपाध्याय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल मदद का फैसला किया।

उन्होंने बिना देर किए छत्तीसगढ़ वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम महज 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और घायल कोयल का रेस्क्यू कर उसके उपचार की व्यवस्था की। समय रहते मिली मदद से कोयल की जान बचाई जा सकी।

वन विभाग ने की सराहना, समाज को दिया संदेश

ओम उपाध्याय की इस पहल की वन विभाग ने सराहना की। विभाग का कहना है कि पशु-पक्षी अपनी तकलीफ जुबान से बयां नहीं कर सकते। ऐसे में उनकी पीड़ा को समझना और संकट के समय मदद के लिए आगे आना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। वन विभाग ने लोगों से भी अपील की कि घायल या संकट में फंसे पशु-पक्षियों को नजरअंदाज करने के बजाय उनकी सहायता के लिए आगे आएं।

पढ़ें   CM विष्णुदेव साय का आज व्यस्त कार्यक्रम : राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन से लेकर इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज तक कई प्रमुख आयोजनों में होंगे शामिल, जानें आज का पूरा कार्यक्रम...

 

उर्मिला फाउंडेशन करेगा सम्मानित

इस मानवीय पहल को देखते हुए उर्मिला फाउंडेशन की डायरेक्टर नम्रता सिंह ने ओम उपाध्याय को सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पशु-पक्षी प्रकृति और पर्यावरण की अनमोल धरोहर हैं। उनकी रक्षा करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना का भी परिचायक है।

नम्रता सिंह ने कहा कि ओम उपाध्याय ने जिस तत्परता और करुणा के साथ घायल कोयल की मदद की, वह दूसरों के लिए भी प्रेरणा है। ऐसे लोगों को सम्मानित करने से समाज में सेवा और संवेदना की भावना को प्रोत्साहन मिलेगा।

ओम उपाध्याय बोले- किसी भी जीव का जीवन अनमोल

ओम उपाध्याय ने कहा कि जीवन चाहे इंसान का हो या किसी पशु-पक्षी का, हर जीवन अनमोल है। घायल कोयल को देखकर उनसे रहा नहीं गया और उन्होंने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मदद की। इस कार्य से उन्हें मानसिक संतुष्टि और आत्मिक खुशी मिली।

यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि इंसानियत सिर्फ बड़े-बड़े भाषणों और दावों से साबित नहीं होती। कभी सड़क पर घायल पड़े एक बेजुबान की मदद के लिए उठाया गया छोटा-सा कदम भी मानवता की सबसे बड़ी मिसाल बन जाता है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *