25 Nov 2026, Wed
Breaking News

इंदौर में 28 नवंबर को होगा जीवनदाता परिवार सम्मान: अपनों को खोने के बाद भी अंगदान कर दूसरों को जिंदगी देने वाले परिवार होंगे सम्मानित

इंदौर, 25 नवंबर। अंगदान के जरिए दूसरों को नया जीवन देने वाले परिवारों के योगदान को सम्मानित करने के लिए इंदौर में 28 नवंबर को जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 का आयोजन किया जाएगा। 2030 का भारत फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस समारोह में अंग एवं टिश्यू दान करने वाले परिवारों के साथ अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों, डॉक्टरों और अस्पतालों को सम्मानित किया जाएगा।

शहर के एक होटल में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन परिवारों के साहस और उदारता को पहचान देना है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोने के बाद भी अंगदान का निर्णय लेकर दूसरे लोगों को जीवनदान दिया। इसके जरिए समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे सम्मान

समारोह में तीन प्रमुख श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए जाएंगे। पहली श्रेणी जीवनदाता परिवार सम्मान होगी, जिसके तहत अंग अथवा टिश्यू दान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी जीवन प्रेरणा सम्मान की होगी, जिसमें अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मान मिलेगा।

तीसरी श्रेणी जीवन सारथी सम्मान होगी। इसके अंतर्गत अंगदान और ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स, अस्पतालों और मेडिकल टीमों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वाले नामों का चयन विभिन्न सर्वेक्षणों से प्राप्त जानकारी और आंकड़ों के आधार पर विशेषज्ञों की टीम करेगी।

अंगदान मानवता और संवेदनशीलता से जुड़ा निर्णय : अतुल मलिकराम

कार्यक्रम के सूत्रधार और 2030 का भारत के संस्थापक अतुल मलिकराम ने कहा कि अंगदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता से जुड़ा निर्णय है। इसके जरिए किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है।

पढ़ें   अमित शाह बस्तर दौरे पर: 3 अक्टूबर को मुरिया दरबार में भाग लेंगे, आदिवासी रीति-रिवाजों में करेंगे हिस्सा, अगले दिन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की करेंगे समीक्षा<br><br>

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने सबसे कठिन समय में अंगदान का निर्णय लिया, उनका साहस और उदारता पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। संस्था का प्रयास ऐसे परिवारों और अंगदान की प्रक्रिया से जुड़े लोगों को सम्मान देने के साथ समाज में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जागरूकता और जनभागीदारी के माध्यम से अंगदान को व्यापक सामाजिक अभियान बनाया जा सकता है।

इस आयोजन के माध्यम से अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में नीलेश मुले और एमएससी एजेंसी इंडिया जैसी संस्थाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान बताया गया है।

शिक्षा और सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में भी काम कर रहा फाउंडेशन

गौरतलब है कि 2030 का भारत फाउंडेशन शून्य भुखमरी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे सतत विकास लक्ष्यों को लेकर जमीनी स्तर पर काम कर रहा है। संस्था शिक्षकों को सशक्त बनाने के लिए टीचर्स एम्पावरमेंट प्रोग्राम संचालित कर रही है। इसके साथ ही कैदियों के पुनर्वास की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

संस्था का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। मध्य प्रदेश में अंगदान को लेकर अभी जागरूकता बढ़ाने की काफी जरूरत है। ऐसे आयोजनों और संवाद के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ जरूरतमंद मरीजों को जीवन की नई उम्मीद देने का प्रयास किया जा सकता है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed