रायपुर, 26 नवंबर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री के मामले में एक और गंभीर खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि गिरोह के दलालों ने ओडिशा की 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को दस्तावेजों में 21 साल का दर्शाकर गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल में उसकी डिलीवरी कराई थी। इसके लिए आधार कार्ड में उम्र से छेड़छाड़ की गई और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी तैयार कराया गया। नाबालिग की वास्तविक उम्र का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ में स्कूल रिकॉर्ड की जांच के बाद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
आईवीएफ सेंटर की नर्स ने निभाई मुख्य भूमिका

एसआईटी की जांच के अनुसार, रायपुर के एक आईवीएफ सेंटर में काम करने वाली नर्स कृतिका साहू ने नवजात की दलाली में अहम भूमिका निभाई। कृतिका के घर काम करने वाली महिला ने उसे किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी दी थी। वह महिला ओडिशा में पीड़िता के ही गांव की रहने वाली है। जांच में सामने आया कि 15 साल की उम्र में गर्भवती होने के कारण किशोरी और उसके पति को आरोपितों ने गंभीर मामले में फंसाने और जेल भेजने का डर दिखाया। इसी बहाने उन्हें रायपुर बुलाया गया और किशोरी की उम्र बढ़ाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए।

आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर बदली उम्र
पुलिस के मुताबिक, किशोरी देखने में भी कम उम्र की लग रही थी। दस्तावेजों में उसकी उम्र 21 वर्ष दर्ज थी, लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने वास्तविक उम्र की जांच शुरू की। टीम ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंची और स्कूल के रिकॉर्ड खंगाले। वहां दर्ज जन्मतिथि से पुष्टि हुई कि किशोरी की उम्र महज 15 वर्ष है। इसके बाद आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो और आईटी एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।
पैसों के बंटवारे को लेकर झगड़े से खुला मामला
नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री का मामला 15 नवंबर को उस समय सामने आया, जब दलालों के बीच पैसों के बंटवारे को लेकर सड़क पर विवाद हो गया। इसी दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आरोपितों को आजाद चौक थाने ले गई। वहां पीड़िता भी पहुंची और उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि किशोरी को ओडिशा से रायपुर लाकर डिलीवरी कराई गई थी और नवजात को बेचने की कोशिश की जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर को प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को गोगांव स्थित अहिल्या नामदेव के घर में रखा गया था। पुलिस ने अब तक इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें अस्पताल संचालक डॉ. खीर सिंधु महानंद, नर्स कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव, गीतिका नाग, प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और जितेंद्र खेतान शामिल हैं।
आईवीएफ सेंटर आने वाले लोगों की जानकारी गिरोह तक पहुंचाती थी नर्स
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नर्स कृतिका साहू आईवीएफ सेंटर आने वाले लोगों की जानकारी और उनके संपर्क विवरण गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाती थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वह लोगों को बच्चा गोद लेने के लिए किस तरह प्रेरित करती थी और नवजातों के दलालों से उनका संपर्क कैसे कराती थी।
फिलहाल पुलिस की टीमें अलग-अलग राज्यों में गिरोह से जुड़े अन्य दलालों, नवजात खरीदने वाले परिवारों, आईवीएफ सेंटरों और अस्पतालों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

