बिलासपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि से कराए गए विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पूर्व IAS अधिकारी अनिल टूटेजा को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने मामले की गंभीरता और गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका को ध्यान में रखते हुए गिरफ्तारी से पहले राहत देने से इनकार कर दिया।
अनिल टूटेजा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दर्ज ECIR के आधार पर संभावित गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। उनके खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 3 और 4 के तहत जांच चल रही है। मामला DMF की राशि से कराए गए कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं और अवैध कमीशन से जुड़ा है।

DMF के कामों में 20 से 50 प्रतिशत कमीशन का आरोप
ED की जांच के अनुसार, सरकारी बीज निगम के माध्यम से DMF के विभिन्न कार्यों के लिए ठेके और आपूर्ति आदेश दिलाने में कथित तौर पर बिचौलियों की भूमिका सामने आई है। जांच एजेंसी का आरोप है कि इन कार्यों के बदले 20 से 50 प्रतिशत तक कमीशन लिया जाता था। कमीशन की रकम का एक हिस्सा सरकारी अधिकारियों और प्रभावशाली व्यक्तियों तक पहुंचाए जाने का भी आरोप है।

ED ने आरोप लगाया है कि अनिल टूटेजा ने अपने प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए कुछ चुनिंदा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को DMF के तहत काम दिलाने में भूमिका निभाई। जांच में मां गंगा एंटरप्राइजेज और यश एंटरप्राइजेज को वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2022-23 के बीच DMF और अन्य सरकारी मदों से 47.17 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किए जाने का उल्लेख किया गया है। एजेंसी के मुताबिक, इन कार्यों के बदले 20 से 25 प्रतिशत तक अवैध कमीशन लिया गया।
एक करोड़ रुपये नकद कमीशन लेने का भी आरोप
ED की ओर से दाखिल पूरक आरोपपत्र में व्हाट्सएप चैट और विभिन्न लोगों के बयानों का हवाला दिया गया है। जांच एजेंसी ने अनिल टूटेजा पर कथित रूप से एक करोड़ रुपये नकद कमीशन लेने का भी आरोप लगाया है।
वहीं, बचाव पक्ष ने इन आरोपों का विरोध करते हुए कहा कि अनिल टूटेजा DMF से संबंधित विभाग में पदस्थ नहीं थे और संबंधित कार्यों की फाइलों या निर्णय प्रक्रिया में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। अधिवक्ताओं ने यह भी दलील दी कि शुरुआती ECIR और आरोपपत्र में उनका नाम शामिल नहीं था तथा उनके खिलाफ प्रत्यक्ष धन लेन-देन का प्रमाण नहीं मिला है। सह-आरोपियों को मिली जमानत का हवाला देते हुए उन्हें भी राहत देने की मांग की गई।
सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसले का भी हुआ उल्लेख
सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने उल्लेख किया कि सुप्रीम कोर्ट ने 16 सितंबर 2025 को एक अन्य मामले में अनिल टूटेजा को मिली अग्रिम जमानत निरस्त कर दी थी। हाई कोर्ट ने कहा कि लंबे समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद सह-आरोपियों को मिली नियमित जमानत का लाभ गिरफ्तारी से पहले अग्रिम जमानत मांगने वाले आवेदक को नहीं दिया जा सकता।
हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई टिप्पणियों का असर मामले के ट्रायल पर नहीं पड़ेगा।
35 करोड़ की अपराध से अर्जित आय का पता लगाने का दावा
ED के अनुसार, इस मामले में करीब 35 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय का पता लगाया गया है। जांच एजेंसी ने 29 अक्टूबर 2026 को जारी अस्थायी कुर्की आदेश के तहत 31.70 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की थीं। इसके बाद मामले में कुल कुर्क संपत्तियों का आंकड़ा करीब 50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
इसके अलावा 30 अक्टूबर 2026 को विशेष PMLA कोर्ट में सतपाल सिंह छाबड़ा और मंदीप चावला समेत 17 आरोपियों के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की गई थी। ED इस मामले में IAS अधिकारी रानू साहू और कारोबारी सतपाल सिंह छाबड़ा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
फिलहाल DMF राशि से जुड़े कथित घोटाले में ED की जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है। हाई कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद अनिल टूटेजा को गिरफ्तारी से पहले मिलने वाली राहत नहीं मिल सकी है। मामले में आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय में सुनवाई और ट्रायल के बाद होगा।


