26 Nov 2026, Thu

हृदय, त्वचा और स्त्री रोग विशेषज्ञों से गांव में मिलेगी ऑनलाइन सलाह, मरीजों को राहत

अलीगढ़
 अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए गांव के मरीजों को हर बार जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। गांव के नजदीक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर ही विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श मिलने का रास्ता साफ हो रहा है। प्रदेश सरकार ने सीएचसी पर टेलीमेडिसिन सेवा के विस्तार के लिए 25 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है। इस योजना के तहत अलीगढ़ के 16 सीएचसी को भी जोड़ने की तैयारी है। इससे ग्रामीण मरीजों को विशेषज्ञों की सलाह मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य विभाग के आरोग्य मंदिर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टेलीकंसल्टेशन की व्यवस्था सीमित है। यहां तैनात डॉक्टर पोर्टल के माध्यम से मरीजों को ऑनलाइन परामर्श दिलाते हैं। हालांकि, विशेषज्ञ चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण मरीजों को मुख्य रूप से जिला अस्पतालों में बैठे डॉक्टरों से ही परामर्श मिल पाता है। इस व्यवस्था का नेटवर्क किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) से भी जुड़ा हुआ है, लेकिन विशेषज्ञों की सीधी उपलब्धता का लाभ अभी ग्रामीण मरीजों को अपेक्षित रूप से नहीं मिल पा रहा है।

अब शासन ने टेलीमेडिसिन सेवा को सीएचसी स्तर तक प्रभावी ढंग से विस्तार देने की योजना बनाई है। इसके लिए प्रदेशभर में 25 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है। अलीगढ़ जिले के 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी इस सुविधा से जोड़ने की तैयारी है। इसके तहत केंद्रों पर टेलीकंसल्टेशन के संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। सीएमओ डॉ. आरएन सिंह के अनुसार, टेलीमेडिसिन मरीजों के लिए काफी लाभकारी है। इसका लाभ मरीज उठा रहे हैं। ऑनलाइन परामर्श के माध्यम से मरीजों को डॉक्टरों की सलाह उपलब्ध कराई जाती है। टेलीमेडिसिन से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ती है।

पढ़ें   यूपी में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार, अस्पतालों की गुणवत्ता पर फोकस करेगी योगी सरकार

विशेषज्ञों की कमी
ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं के सामने चुनौती रही है। कई बार मरीजों को केवल विशेषज्ञ की सलाह लेने के लिए जिला मुख्यालय या बड़े अस्पतालों तक जाना पड़ता है। टेलीमेडिसिन सेवा का विस्तार इस परेशानी को कम करने में मददगार हो सकता है। गांव में ही मरीजों को हृदय रोग, त्वचा रोग, स्त्री रोग, बाल रोग और अन्य बीमारियों के विशेषज्ञों से ऑनलाइन सलाह उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों को सामान्य परामर्श के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और समय के साथ आने-जाने का खर्च भी बचेगा।

ऐसे काम करेगी टेलीमेडिसिन सेवा
सीएचसी पर पहुंचने वाले मरीज की पहले वहां मौजूद डॉक्टर जांच करेंगे। जरूरत पड़ने पर मरीज को पोर्टल के माध्यम से संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर से ऑनलाइन जोड़ा जाएगा। वीडियो कॉल के जरिए विशेषज्ञ मरीज की बीमारी, लक्षण और जांच रिपोर्ट देखकर परामर्श देंगे। इसके बाद सीएचसी के डॉक्टर विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार दवा और आगे के उपचार की जानकारी देंगे। जरूरत पड़ने पर मरीज को बड़े अस्पताल में रेफर भी किया जा सकेगा।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *