26 Nov 2026, Thu

अधिग्रहित जमीन पर बने 150 से ज्यादा भवन, मुआवजे और पुनर्वास का मामला फिर गरमाया

रांची
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए अधिग्रहित 303 एकड़ जमीन का विवाद अब नए सिरे से जांच के दायरे में आ गया है। वर्ष 2012-13 में जमीन अधिग्रहण के बाद रैयतों को मुआवजा भुगतान किया गया, लेकिन 14 साल बाद भी पूरी जमीन एयरपोर्ट प्रबंधन को नहीं मिल सकी है।

अब उपायुक्त ने नामकुम और अरगोड़ा अंचल के अधिकारियों को अधिग्रहित जमीन के दस्तावेज, दोबारा खरीद-बिक्री और वर्तमान कब्जे की स्थिति की जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी है। नागर विमानन विभाग के अधिकारी भी अंचल कार्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर एयरपोर्ट को जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहे हैं।

पुराने भूमि सर्वे में हेथू मौजा के थाना नंबर 298, खाता नंबर 30 के 13 रैयतों का मामला सामने आया था। इनमें से 12 रैयतों को मुआवजा भुगतान किया गया था। इसके बाद संयुक्त सर्वे में अधिग्रहित जमीन की खरीद-बिक्री और उस पर निर्माण होने की जानकारी सामने आई। हालांकि, पूरे 303 एकड़ में कितने रैयतों को मुआवजा मिला और कितने भूखंडों की दोबारा रजिस्ट्री हुई, इसका समेकित आंकड़ा भी जुटाया जायेगा।

150 से अधिक भवन होने की जानकारी
अधिग्रहित जमीन पर 150 से अधिक भवनों के बनने की बात सामने आयी है। इनमें मंदिर, श्मशान घाट और मैरेज हाल जैसे निर्माण भी शामिल हैं। चिह्नित 128 घरों के पुनर्वास के लिए 67 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। हालांकि, इन निर्माणों की वर्तमान संख्या और वास्तविक अधिग्रहित रकबे पर कब्जे का नया सर्वे जरूरी है।

31 लाख रुपये के कथित मुआवजा फर्जीवाड़े की जांच
जुलाई 2023 में हेथू मौजा की जमीन के मुआवजे में करीब 31 लाख रुपये के कथित फर्जीवाड़े को लेकर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इससे पुराने भू-अर्जन और भुगतान संबंधी दस्तावेजों की जांच और महत्वपूर्ण हो गई है।

पढ़ें   बिहार में परमाणु परियोजनाओं की तैयारी तेज, बांका-सिवान में 3000 एकड़ जमीन जुटाना सरकार की चुनौती

विस्थापितों को भी न्याय मिलने की उम्मीद
दूसरी ओर, स्थानीय ग्रामीण जमीन के बदले जमीन, उचित मुआवजा और पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। प्रशासन के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक ओर एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित जमीन का वास्तविक कब्जा सुनिश्चित करना और दूसरी ओर प्रभावित परिवारों की जायज मांगों का समाधान करना।

रनवे विस्तार की राह होगी आसान
303 एकड़ जमीन के हस्तांतरण में देरी से रनवे विस्तार, आइसोलेशन वे और अन्य सुरक्षा सुविधाओं की योजनाएं प्रभावित हुई हैं। ऐसे में प्रशासन की नई जांच से जमीन का वास्तविक रिकार्ड स्पष्ट होने और वर्षों से लंबित एयरपोर्ट विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

    जिला प्रशासन द्वारा जमीन उपलब्ध कराने के बाद एयरपोर्ट पर कई विकास कार्य शुरू हो सकेंगे। जमीन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन से संपर्क किया गया है।
    -विनोद कुमार, निदेशक, रांची एयरपोर्ट

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *