महासमुंद, 26 नवंबर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अवैध और संदिग्ध रूप से चांदी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़-ओडिशा अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पलसापाली नाका पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से 52 किलो 528 ग्राम चांदी और 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त चांदी की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने नकदी और कार समेत कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध तस्करी, संदिग्ध नकदी और बहुमूल्य धातुओं के परिवहन पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती इलाकों और चेक पोस्ट पर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 26 नवंबर 2026 को बसना थाना पुलिस की टीम पलसापाली नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी।

कार में मिले छह बैग, चांदी के आभूषण और सिल्लियां
जांच के दौरान पुलिस ने सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार (क्रमांक CG 23Q 9222) को रोककर तलाशी ली। कार में दो व्यक्ति सवार थे, जिनकी पहचान उमेश कंसारी (45 वर्ष), निवासी गोबरानवापारा, रायपुर और रोशन कुमार साहू (40 वर्ष), निवासी ग्राम बेलटूकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद के रूप में हुई।

कार की डिक्की और सीट पर रखे छह काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के डिब्बों में रखे चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, कड़े, ब्रेसलेट, करधन, बर्तन, मूर्तियां और चांदी जैसी छह सिल्लियां बरामद हुईं। इसके साथ ही बैग से 3,39,800 रुपये नकद भी मिले।
GST बिल और परिवहन के दस्तावेज नहीं दिखा सके
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से बरामद चांदी और नकदी के वैध स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज, खरीद-बिक्री के पक्के GST बिल, ई-वे बिल और परिवहन संबंधी कागजात मांगे। हालांकि, दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक जवाब दे पाए।
इसके बाद पुलिस ने चोरी या अवैध परिवहन से संबंधित संपत्ति होने के संदेह में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां, सिल्लियां, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल कार को सीलबंद कर जब्त कर लिया।
पुलिस ने BNSS की धारा 94 के तहत नोटिस भी तामील कराया। संबंधित व्यक्तियों ने लिखित में बताया कि उनके पास बरामद सामान से जुड़े कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। मामले की जानकारी छत्तीसगढ़ के GST आयुक्त को भी भेज दी गई है।
इस तरह हुई कुल 1.03 करोड़ की जब्ती
पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई 52 किलो 528 ग्राम चांदी की अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये है। इसके अलावा 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार भी जब्त की गई है। इस तरह कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये आंका गया है।
फिलहाल पुलिस दोनों व्यक्तियों से जुड़े मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


