27 Nov 2026, Fri

शीशमहल में शाही ठाठ, महंगे झूमर से लेकर किचन की लिफ्ट तक, जानें कीमतें

नई दिल्ली

बतौर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जिस सरकारी बंगले में रहते थे और जिसे भाजपा शीशमहल कहती है, उसे अब जनता के लिए खोल दिया गया है। पहले दिन इसमें मीडिया को ले जाया गया और अंदर मौजूद सभी सामानों की प्रदर्शनी की तरह दिखाया गया। खास बात यह है कि हर सामान के साथ उसकी कीमत लिख दी गई है। इसके मुताबिक एक झूमर 23 लाख रुपये का है तो सोफा 4 लाख रुपये का, एक कमरे के पर्दे करीब 6 लाख रुपये के हैं, जो रिमोट से चलते हैं। वहीं, किचन में खाना तैयार होने के बाद उसे ऊपर के कमरों तक भेजने के लिए लिफ्ट लगाई गई है।

बंगले के बाहर इसका नाम 'शीशमहल' लिखा गया है और इस पर खर्च की गई रकम 58,83,66,314.00 बताई गई है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा ने अपनी मौजूदगी में मीडियो को बंगले के भीतर ले जाकर एक-एक कमरा और इनमें रखे गए सामान दिखाए। सभी सामान के साथ उसकी कीमत बताई गई है, जो अधिकतर लाखों में है।

लाखों के झूमर और पर्दे
इसमें एक झूमर की कीमत 23.13 लाख रुपये बताई गई है तो एक दूसरा झूमर 11.45 लाख रुपये का दिखा। एक कमरे में पर्दे 5.84 लाख के बताए गए हैं तो बंगले के दूसरे हिस्से में एक जगह पर्दे 12 लाख के भी बताए गए हैं। खास बात यह है कि पर्दों के साथ रिमोट भी रखे गए हैं। बताया गया कि ये पर्दे ऑटोमैटिक हैं और रिमोट से इन्हें कंट्रोल किया जा सकता है।

पढ़ें   उज्जैन सिंहस्थ में अभेद्य होगा सुरक्षा घेरा, 900 करोड़ की तैयारी; बिना परमिशन ड्रोन की एंट्री बैन

सोफा-टेबल से फ्रीज तक लाखों में है सबकी कीमत
एक सोफा सेट 4.14 लाख रुपये का है तो टेबल और कुर्सियों की कीमत भी लाखों में। 2.5 लाख की कॉफी मशीन लगी है तो किचन में भी लिफ्ट लगा है। मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि यह लिफ्ट इसलिए लगाई गई थी कि यदि केजरीवाल ऊपर के मंजिल में हैं तो उनके पास खाना इस लिफ्ट से भेजा जाता था। बंगले में 4 लाख रुपये का मसाजर लगा है तो मंदिर की कीमत 6.71 लाख रुपये बताई गई है। डबल डोर वाले फ्रीज की कीमत साढ़े सात लाख है। लिफ्ट लॉबी एरिया में एक मूर्ती की कीमत 7.58 लाख रुपये है।

कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा का अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमला
कपिल मिश्रा ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर अय्याशी के आरोप लगाए और कहा कि दिल्ली के लोगों के पैसे लूटकर कोरोना काल में इसे बनवाया गया। उन्होंने कहा, 'आज तो अपनी आंखों से देख लीजिए और आपके कैमरों के माध्यम से पूरा देश देखेगा। किस प्रकार से दिल्ली के लोगों पैसों की बर्बादी की गई, लूटा गया। जो लोग कहते थे कि हम एक कमरे के घर में रहेंगे उन्होंने अय्याशी का यह शीशमहल बनाकर तैयार किया। कोरोना के काल में जब पूरी दिल्ली ऑक्सीजन के लिए तरस रही थी, तब केजरीवाल इस शीशमहल का निर्माण कर रहा था। मैं चाहता हूं कि आपके कैमरों से पूरा देश देखे। करोड़ों रुपये के सामान खरीदे गए हैं, दुनियाभर के देशों से इंपोर्ट की गईं चीजें।'

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि तब इस विभाग के मंत्री रहे सत्येंद्र जैन ने शीशमहल के फाइल पर मोस्ट अर्जेंट लिखा था। उन्होंने कहा,'जरूरी बात दिल्ली और देश की जनता को जानना चाहिए कि उस वक्त पीडब्ल्यूडी मंत्री थे सत्येंद्र जैन। जब दिल्ली में कोविड चल रहा था, देश में कोविड की लहर थी। दिल्ली में एक महीने में 22 हजार मौतें होती हैं। शव जलाने के लिए लकड़ी और स्थान नहीं मिल रहा था। उस समय सत्येंद्र जैन ने किसी अस्पताल बनाने के लिए सिफारिश नहीं करते हैं, दवा खरीदने के लिए फाइल पर अर्जेंट साइन नहीं करते हैं। मगर शीशमहल का काम एक भी दिन ना रुके उसके लिए फाइल पर लिखते हैं 'मोस्ट अर्जेंट'।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *