27 Nov 2026, Fri

जनकपुर धाम जाने वालों के लिए खुशखबरी, 280 रुपये से शुरू सफर, 2AC-3AC का किराया तय

 गोरखपुर
अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम तक चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के टिकटों की बुकिंग गुरुवार से शुरू हो गई है। समाचार लिखे जाने तक अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन में 60 और जनकपुर से अयोध्या आने वाली ट्रेन में 43 टिकट बुक हो चुके थे। यह नई साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 नवंबर, 2026 से नियमित चलने लगेगी।

15595/15596 नंबर की जनकपुर धाम (नेपाल)-अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम (नेपाल) अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को तथा जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को चलाई जाएगी। सिर्फ कन्फर्म टिकट पर यात्रा होगी। आरएसी और वेटिंग टिकट नहीं मिलेंगे।

यात्री गोरखपुर से स्लीपर क्लास में सिर्फ 280 रुपये में जनकपुर पहुंच जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने 23 नवंबर को नई दिल्ली से इस नई ट्रेन का वर्चुअल उद्घाटन किया था।

सरयू-कमला एक्सप्रेस में शयनयान श्रेणी के 07, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 03, वातानुकूलित तृतीय इकोनामी श्रेणी के 03 और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 02 समेत कुल 17 कोच लगेंगे। जिसमें एसी टू की 102, एसी थर्ड की 209, एसी इकोनामी की 240 व स्लीपर की 555 समेत कुल 1106 बर्थें हैं। इन बर्थों का 70 प्रतिशत कोटा संपूर्ण दूरी यानी अयोध्या से जनकपुर तक की सीधी यात्रा के लिए आरक्षित है।

30 प्रतिशत कोटा मध्यवर्ती स्टेशनों से बुकिंग के लिए निर्धारित होगा। मध्यवर्ती स्टेशन अयोध्याधाम के बाद मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर हैं। इन स्टेशनों से टिकट बुक करने वाले यात्री 30 प्रतिशत कोटे का लाभ उठा सकेंगे। आइआरसीटीसी के वेबसाइट पर गोरखपुर से स्लीपर क्लास का 280 रुपये के अलावा एसी टू का 1040, एसी थर्ड का 735 और एसी इकानोमी का 680 का शो कर रहा है।

पढ़ें   विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का महिला संपर्क अभियान तेज, यूपी में घर-घर पहुंचेंगी 403 विस्तारक

इस ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को कोई रियायत नहीं मिलेगी। न तो रेलवे पास और पीटीओ की सुविधा मिलेगी और न ही विधायक कूपन व वारंट के आधार पर यात्रा करने की अनुमति होगी। यात्रियों को टिकट में नाम परिवर्तन, बोर्डिंग स्टेशन बदलने, वेब कैंसिलेशन और टिकट में संशोधन की सुविधा भी नहीं दी जाएगी।

टिकट खोने पर डुप्लीकेट टिकट जारी कराने तथा अन्य कोटे के तहत आरक्षण की व्यवस्था भी लागू नहीं होगी। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के आरक्षण चार्ट अलग से मुद्रित किए जाएंगे। इनमें यात्रियों के पहचान पत्र और राष्ट्रीयता का विवरण दर्ज रहेगा। जांच के लिए ये चार्ट संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

15595 नंबर की सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को दोपहर बाद 01:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन जयनगर से 03:10 बजे से छूटकर मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज के रास्ते दूसरे दिन गोरखपुर से सुबह 04:05 बजे प्रस्थान कर 08:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
15596 नंबर की सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 05:50 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अयोध्या धाम जंक्शन, मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर से रात 10:23 बजे छूटकर नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *