28 Nov 2026, Sat

छत्तीसगढ़ में अब होंगे 135 विधायक: परिसीमन से 45 सीटें बढ़ेंगी, CM साय बोले- क्षेत्र बढ़ेगा तो विकास होगा, ज्यादा लोगों को मिलेगा प्रतिनिधित्व

रायपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित परिसीमन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसीमन से प्रदेश में प्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा मिलेगी। इससे अधिक लोगों को जनप्रतिनिधि बनने और अपनी बात सदन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 27 नवंबर को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। प्रस्तावित बदलावों के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है।

विधानसभा में 90 से बढ़कर 135 हो सकती हैं सीटें

प्रस्ताव लागू होने की स्थिति में छत्तीसगढ़ विधानसभा की मौजूदा 90 सीटें बढ़कर 135 हो सकती हैं। यानी प्रदेश को 45 अतिरिक्त विधायक मिल सकते हैं। इसी तरह लोकसभा में छत्तीसगढ़ की 11 सीटें बढ़कर लगभग 17 होने का अनुमान है। इससे प्रदेश को करीब 6 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि क्षेत्र बढ़ने से छत्तीसगढ़ का विकास होगा और ज्यादा लोगों को प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद इन प्रस्तावों को कानून का रूप देने के लिए संसद की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस संबंध में संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना प्रस्तावित है।

धान खरीदी पर बोले- किसी तरह का संशय नहीं

मुख्यमंत्री ने धान खरीदी की व्यवस्था को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी सुचारु रूप से चल रही है और इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है। किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है। धान खरीदी को लेकर किसी प्रकार का संशय नहीं है।

पढ़ें   सुप्रीम कोर्ट की ईडी को कड़ी फटकार: बोले - अगर आपके पास हैं मूल अधिकार, तो आम जनता के हक को कैसे नज़रअंदाज कर सकते हैं? छत्तीसगढ़ घोटाले की जांच दिल्ली ट्रांसफर कराने की याचिका भी वापस ली

लक्ष्मी वर्मा की सड़क दुर्घटना पर दिया अपडेट

भाजपा नेत्री लक्ष्मी वर्मा के सड़क हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी स्थिति ठीक है। दुर्घटना में उन्हें मामूली चोट आई है और वह स्वस्थ हैं।

दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रहेंगे CM साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार से दो दिवसीय जशपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और एक सोलर प्लांट का शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह सोलर प्लांट पंचायत से जुड़ा है, जिससे पंचायत को आमदनी होगी। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ का पहला गांव है, जहां इस तरह की व्यवस्था की गई है।

जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कर्मा महोत्सव और एक सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस दौरे में स्थानीय लोगों से मुलाकात और विभिन्न आयोजनों में सहभागिता भी प्रस्तावित है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *