रायपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ में करीब 93.60 लाख रुपये के बैंक घोटाले में एसीबी-ईओडब्ल्यू (ACB-EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। छह साल पुराने इस मामले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा (35 वर्ष) को झारखंड के दुमका से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर बैंक के खातों से लाखों रुपये निकालकर अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य परिचितों के खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है।
बालको SBI शाखा में पदस्थ रहते किया गबन
मामला वर्ष 2018-19 का है। उस दौरान सुनील कुमार झा कोरबा जिले की बालको स्थित एसबीआई शाखा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था। आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच बैंक के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते से कुल 93 लाख 60 हजार 797 रुपये की अवैध निकासी की।

फर्जी वाउचर बनाकर पत्नी और ड्राइवर के खातों में भेजी रकम
जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर तैयार किए थे। इनके जरिए बैंक की रकम अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और कुछ अन्य परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी।

मामले का खुलासा होने के बाद एसबीआई के कोरबा क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में रायपुर स्थित ईओडब्ल्यू-एसीबी मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद ब्यूरो ने धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बैंक स्टेटमेंट और मूल वाउचरों से खुली पोल
जांच के दौरान जब्त किए गए बैंक स्टेटमेंट और मूल वाउचरों की पड़ताल की गई। इन दस्तावेजों के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद एसीबी-ईओडब्ल्यू की बिलासपुर टीम ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
दुमका में घर पर दबिश देकर किया गिरफ्तार
पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम झारखंड के दुमका पहुंची। यहां रसीकपुर इलाके में दबिश देकर आरोपी सुनील कुमार झा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
टीम ने दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और आरोपी को छत्तीसगढ़ लाया गया। इसके बाद उसे कोरबा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


