बीजापुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया माओवादी डंप बरामद किया गया है। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर को सूचना मिली थी कि भैरमगढ़ क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादियों ने जमीन के अंदर डंप छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।

इस अभियान में डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बीडीएस टीम शामिल थी। संयुक्त टीम ने भैरमगढ़ थाना मुख्यालय से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर सर्च ऑपरेशन चलाया।

स्टील के डिब्बे में मिले सोने के 33 बिस्किट
सर्चिंग के दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी के बाद जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे की जांच करने पर उसमें सोने के 33 बिस्किट मिले। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है। इनका कुल वजन 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलोग्राम है। पुलिस ने सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी है।
500 रुपये के नोटों में मिले 24 लाख से ज्यादा
सोने के अलावा सुरक्षा बलों को टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोट भी मिले। इनकी कुल रकम 24 लाख 22 हजार 500 रुपये बताई गई है। बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अब तक 8.24 करोड़ नकद और 12.34 किलो सोना बरामद
पुलिस के अनुसार, जिले के अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए अभियानों में अब तक माओवादी डंप से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई को माओवादियों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।


