28 Nov 2026, Sat

छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव? परिसीमन बिल से बढ़ सकती हैं सीटें

रायपुर 

महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार की पहल के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में भी संभावित बदलावों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। यदि लोकसभा में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयक पारित होते हैं और नए प्रावधान लागू होते हैं, तो प्रदेश का राजनीतिक भूगोल बदल सकता है। प्रधानमंत्री की सलाहकार परिषद की रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ में लोकसभा सीटों की संख्या 11 से बढ़ाकर 17 और विधानसभा सीटें 90 से बढ़ाकर 135 करने का प्रस्ताव बताया गया है। इसके तहत प्रदेश में छह नए लोकसभा और 45 नए विधानसभा क्षेत्र बन सकते हैं।

प्रस्तावित बदलावों में सरगुजा, कांकेर और दुर्ग लोकसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन अथवा विभाजन की संभावना भी जताई जा रही है। सीटों की संख्या बढ़ने का असर केवल निर्वाचन क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों में भी व्यापक बदलाव हो सकते हैं। मतदाताओं की संख्या, सामाजिक संरचना और शहरीकरण के स्तर को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय की जा सकती हैं। हालांकि, अंतिम तस्वीर परिसीमन की प्रक्रिया और उसके तहत तय होने वाले मानकों के बाद ही स्पष्ट होगी।

नए सिरे से करनी होगी राजनीतिक जमावट
लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़ने पर भाजपा और कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों को अपनी चुनावी रणनीति नए सिरे से तैयार करनी पड़ सकती है। छह नए लोकसभा और 45 नए विधानसभा क्षेत्र बनने की स्थिति में नए चेहरों के लिए अवसर पैदा होंगे। वहीं मौजूदा नेताओं के प्रभाव क्षेत्र और राजनीतिक भविष्य पर भी इसका असर पड़ सकता है। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से किसी मौजूदा विधायक का क्षेत्र दो हिस्सों में बंट सकता है या उसके कुछ हिस्से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में टिकट के दावेदारों के सामने नए समीकरण बनेंगे। राजनीतिक दलों को जातीय-सामाजिक समीकरण, स्थानीय नेतृत्व और संगठनात्मक ढांचे की भी नए सिरे से समीक्षा करनी होगी।

पढ़ें   PSC ने मुख्य परीक्षा-2024 के मूल्यांकन पर उठे सवालों को किया खारिज : पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने का दिलाया भरोसा, नाम उजागर करने वालों पर होगी कार्रवाई

इस साल अप्रैल में 54 वोट से गिर गया था परिसीमन विधेयक
सरकार ने 17 अप्रैल 2026 को यही विधेयक पेश किया था। उस समय सदन में 21 घंटे चर्चा हुई, 130 सांसदों ने विचार रखे, 56 महिला सांसदों ने भाग लिया था। कुल 528 सांसदों ने वोट डाला था। पक्ष में 298 वोट और खिलाफ में 230 वोट पड़े थे। बता दें कि उस दिन उपस्थित सांसदों के हिसाब से जरूरी आंकड़ा 352 था।

लेकिन फिर ये बिल 54 वोट से गिर गया था। उस समय विपक्ष के पास करीब 232 सांसद थे। कांग्रेस के 98-99, समाजवादी पार्टी के 37, तृणमूल कांग्रेस के 28, डीएमके के 22, एनसीपी-शरद पवार के 8, शिवसेना-उद्धव के 9, आम आदमी पार्टी के 3 सांसद थे। इसके अलावा वाम दल, एआईएमआईएम, आजाद समाज पार्टी और अन्य छोटे दल भी विपक्ष के साथ थे।

इस बार परिसीमन के समीकरण ऐसे बदल गए
अब लोकसभा में 543 में से 3 सीटें रिक्त है। मौजूदा सांसद 540 हैं। अगर सभी वोट डालें तो संविधान संशोधन के लिए 360 वोट चाहिए। विपक्ष अब 232 से घटकर 180-183 पर आ गया है। टीएमसी के 28 में से 20 सांसद जून में टूटकर नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में चले गए। ममता बनर्जी के पास अब सिर्फ 8 सांसद बचे हैं। उद्धव गुट के 6 सांसद शिंदे गुट में चले गए हैं।

उद्धव के पास 9 से घटकर सिर्फ 3 सांसद रह गए। डीएमके के 22 सांसद इंडिया गठबंधन से अलग हो गए हैं। सरकार के पक्ष में एनडीए के पास 319-320 सांसद हैं। भाजपा 240-241, टीएमसी बागी-एनसीपीआई 20, टीडीपी 16, शिंदे सेना 13, जदयू 12, लोजपा-रामविलास 5 और बाकी छोटे घटक दल हैं।

पढ़ें   मखाना और लीची के निर्यात को मिलेगी रफ्तार, बिहार में दो बड़े एयरपोर्ट बनाने का प्लान

45 विस सीटें महिलाओं के लिए हो सकती हैं आरक्षित
परिसीमन के साथ महिला आरक्षण का मुद्दा भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित 135 सदस्यीय विधानसभा में यदि एक-तिहाई सीटों पर महिलाओं के आरक्षण का प्रावधान लागू होता है, तो गणित के अनुसार 45 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इससे प्रदेश की राजनीति में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और नए महिला चेहरों को चुनाव लड़ने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, किन सीटों पर आरक्षण लागू होगा, यह परिसीमन और आरक्षण की निर्धारित प्रक्रिया के बाद ही तय होगा। फिलहाल राजनीतिक दलों और संभावित दावेदारों की निगाहें संसद में विधेयक की स्थिति और आगे की प्रक्रिया पर टिकी हैं।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *