29 Nov 2026, Sun

MP में ग्रामीणों की बदली तस्वीर, स्वामित्व योजना के तहत 28 लाख से अधिक संपत्तियों का पंजीयन

भोपाल 

गांव में जिस जमीन या मकान पर परिवार पीढ़ियों से रह रहा है उसका पक्का कानूनी दस्तावेज होना बहुत जरूरी है. इसके बिना संपत्ति को लेकर विवाद हो सकता है और जरूरत पड़ने पर बैंक से कर्ज लेने में भी मुश्किल आती है. मध्यप्रदेश में स्वामित्व योजना इस परेशानी को दूर करने की दिशा में आगे बढ़ रही है. योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को उनकी आबादी भूमि का कानूनी अधिकार देने के लिए रजिस्ट्री का काम किया जा रहा है. प्रदेश में अब तक 28 लाख से ज्यादा भूखंडों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है. कुल लक्षित भूखंडों के मुकाबले यह आंकड़ा 56.7 प्रतिशत है. यानी लाखों ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति का दस्तावेज मिलने का रास्ता साफ हुआ है। 

इस काम की प्रगति देखने के लिए प्रमुख राजस्व आयुक्त और आयुक्त भू-अभिलेख निधि निवेदिता ने भोपाल जिले की बैरसिया तहसील का दौरा किया. उन्होंने अधिकारियों के साथ योजना की स्थिति जानी और स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं. दौरे के दौरान सामने आया कि भोपाल जिले में 42 हजार 199 आबादी भूखंडों में से 22 हजार 550 की रजिस्ट्री हो चुकी है. बैरसिया तहसील में अब तक 12 हजार 771 रजिस्ट्रियां पूरी की गई हैं. यहां के कीट खेड़ी गांव ने इस मामले में खास उपलब्धि हासिल की है. गांव के सभी लक्षित भूखंडों की रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है। 

मध्यप्रदेश में 49.55 लाख भूखंड हैं लक्षित
स्वामित्व योजना के तहत मध्यप्रदेश के ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में कुल 49 लाख 55 हजार 979 भूखंडों को लक्ष्य में रखा गया है. इनमें से 28 लाख 9 हजार 253 की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है. इस तरह प्रदेश में करीब 56.7 प्रतिशत काम पूरा हुआ है. यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्रामीण परिवारों के पास अपनी संपत्ति के मालिकाना हक का वैधानिक प्रमाण होगा. इससे जमीन और मकान से जुड़े विवादों को सुलझाने में भी मदद मिल सकती है। 

पढ़ें   AI की गलती से कोर्ट में किरकिरी, सरकारी जवाब में पेश किया गया फर्जी न्यायिक फैसला

बैरसिया में 12 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रियां पूरी
भोपाल जिले में योजना की प्रगति की बात करें तो यहां कुल 42 हजार 199 आबादी भूखंड हैं. इनमें से 22 हजार 550 की रजिस्ट्री हो चुकी है. बैरसिया तहसील में 23 हजार 540 आबादी भूखंडों में से 12 हजार 771 की रजिस्ट्री पूरी की गई है. यानी यहां करीब 54.2 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. तहसील के कीट खेड़ी गांव में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूरी होना इस अभियान की अहम उपलब्धि है। 

संपत्ति का दस्तावेज मिलने से क्या होगा फायदा?
    प्रमुख राजस्व आयुक्त निधि निवेदिता ने कहा कि स्वामित्व योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का वैधानिक अधिकार देकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है. उन्होंने बताया कि यह योजना केवल दस्तावेज देने तक सीमित नहीं है. संपत्ति के मालिकाना हक का प्रमाण मिलने से ग्रामीणों के लिए बैंक ऋण और दूसरी वित्तीय सुविधाएं हासिल करना आसान हो सकता है. इससे परिवारों की आर्थिक सुरक्षा भी मजबूत होगी। 

 उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के उद्देश्य को जमीन पर उतारने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी प्रतिबद्धता से काम कर रहे हैं. तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारी इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभा रहे हैं। 

जनविश्वास अभियान के तहत सुनीं लोगों की समस्याएं
बैरसिया दौरे के दौरान निधि निवेदिता ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आम लोगों की शिकायतें भी सुनीं. नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अतिक्रमण और रास्ते से जुड़े विवादों पर चर्चा हुई. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार और जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। 

पढ़ें   यूपी में पंचायत चुनाव टले, अब 6 महीने और प्रशासकों के हाथ में रहेगी कमान

उन्होंने राजस्व विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए कहा कि नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल और पारदर्शी तरीके से मिलनी चाहिए. साथ ही सेवाओं के निपटारे में तय समयसीमा का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *