खेल रत्न अवार्ड 2021 : खेल रत्न अवार्ड के लिए नीरज चोपड़ा समेत 11 नामों की सिफारिश, टोक्यों ओलंपिक और पैरालंपिक में बेहतर प्रदर्शन का मिलेगा खिलाड़ियों को लाभ, देखें लिस्ट

Exclusive Latest खेल नई दिल्ली बड़ी ख़बर

खेल डेस्क

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर 2021

टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक में भारत का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को उनके अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिलेगा । दरअसल, टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में भारत के शानदार प्रदर्शन की झलक बुधवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की सिफारिशों के दौरान दिखी जब खेल रत्न पुरस्कार के लिए ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा सहित 11 खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की गई। चयन समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए भी 35 खिलाड़ियों को नामित किया। व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय खिलाड़ी 23 साल के चोपड़ा के अलावा रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया और कांस्य पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन के नाम की सिफारिश भी देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए की गई। अनुभवी हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश, महिला टेस्ट क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज के अलावा दिग्गज फुटबॉलर सुनील छेत्री को भी इस सम्मान के लिए नामित किया गया। छेत्री इस पुरस्कार के लिए चुने जाने देश के पहले फुटबॉलर बनेंगे।

 

 

टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों, निशानेबाज अवनि लेखरा और मनीष नरवाल, भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और बैडमिंटन खिलाड़ियों प्रमोद भगत और कृष्णा नागर को भी उनके प्रदर्शन का इनाम मिला। इन सभी को खेल रत्न पुरस्कारों की सूची में जगह मिली है, जिसे स्वीकृति के लिए खेल मंत्रालय के पास भेजा जाएगा। मुक्केबाज लवलीना ने देश के सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए सिफारिश किए जाने को अपने माता-पिता को समर्पित किया। लवलीना ने कहा, ”यह एक खिलाड़ी के रूप में मेरे लिए सबसे गौरवपूर्ण दिन है कि मेरे नाम की सिफारिश खेल रत्न पुरस्कार के लिए की गई है।  इन ओलंपिक पदक विजेताओं में से तीन पहलवान बजरंग पूनिया, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू और भारोत्तोलक मीराबाई चानू को पहले ही खेल रत्न मिल चुका है। पैरालंपिक में भारत ने पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक सहित कुल 19 पदक जीते थे।

पढ़ें   रंगोली प्रतियोगिता : रंगोली प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, संजना साहू को मिला प्रथम पुरस्कार

पिछले साल पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना

पिछले साल पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया जबकि 2016 रियो खेलों के बाद चार खिलाड़ियों को इस पुरस्कार के लिए चुना गया था लेकिन टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक में भारत के शानदार प्रदर्शन के बाद अभूतपूर्व संख्या में खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की गई। टोक्यो पैरालंपिक (24 अगस्त से पांच सितंबर) में हिस्सा लेने वाले पैरा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी विचार करने के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा में विलंब किया गया। समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए 35 खिलाड़ियों को चुना जो पिछले साल पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों की संख्या से आठ अधिक हैं। क्रिकेटर शिखर धवन, पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल, पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यथिराज और ऊंची कूद के निषाद कुमार अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों में शामिल हैं। यह पुरस्कार शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दिए जाते हैं। धवन अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए 57वें क्रिकेटर हैं।

Share