BJP प्रदेश मीडिया प्रभारी का कांग्रेस पर प्रहार, नलिनीश ठोकने बोले : “बहानेबाजी छोड़ बघेल सरकार भूपेश एक्ट वापस ले”

Exclusive Latest राजनीति रायपुर

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 27 अप्रैल 2022

प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी नलिनीश ठोकने ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की पत्रकार वार्ता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भूपेश बघेल सरकार की जी हुजूरी करने की बजाय मरकाम जनता के लोकतांत्रिक अधिकार के संरक्षण की बात करें। उन्हें समझना चाहिए कि सत्ता स्थायी नहीं होती। पंद्रह साल तक भाजपा की सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान किया लेकिन कांग्रेस के भूपेश बघेल जैसे नेता आंदोलन के नाम पर उपद्रव मचाते रहे। अब डेढ़ साल बाद कांग्रेस का सत्ता से सड़क पर आना तय है तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बहानेबाजी करने की जगह अपनी सरकार को लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करने का निर्देश दें। जनता के लोकतांत्रिक अधिकार पर अब जो भी बात होगी, वह कोर्ट में होगी।

 

 

प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी ठोकने ने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि कांग्रेस का प्रदेश नेतृत्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बंधक बनकर रह गया है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष के सामने कांग्रेस की गुंडा संस्कृति का प्रदर्शन करने वाले भूपेश भक्त का निलंबन खत्म करने उन्हें बाध्य होना पड़ा। यह कांग्रेस संगठन अध्यक्ष की स्थिति है! भूपेश बघेल ने मरकाम को उनकी जगह बता दी है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ठोकने ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम बयानबाजी करके गुमराह करने की कितनी भी कोशिश कर लें लेकिन जनता देख रही है कि कांग्रेस की सरकार ने अंग्रेजों वाले रौलट एक्ट की तर्ज पर जनता की आवाज दबाने भूपेश एक्ट लागू किया है। भाजपा इसका कड़ा प्रतिकार कर रही है। भूपेश बघेल को अपना यह तानाशाही फरमान वापस लेना ही पड़ेगा। भाजपा जनता के हक में पूरे राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के लिए सड़क पर संघर्ष करेगी। अब भी वक्त है कि भूपेश बघेल अपना एक्ट तत्काल प्रभाव से वापस ले लें। अन्यथा भाजपा प्रदेशव्यापी जन आंदोलन करने तैयार है और जनता के हक की लड़ाई अदालत तक ले जायेगी।

Share
पढ़ें   आप भी सतर्क रहें : CG में SI बनाने 14 लाख रुपए की ठगी, EX आर्मी की पत्नी हुई ठगी का शिकार, आरोपी ने कहा - 'DGP बदल गया है और पैसे देने पड़ेंगे...'