10 Mar 2026, Tue
Breaking

PM Modi Raipur Visit: चुनावी राज्य Chhattisgarh में गरजे मोदी, ‘छत्तीसगढ़ में ‘बदलबो-बदलबो’ की गूंज’

प्रमोद मिश्रा, 07 जुलाई 2023
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यहां साइंस कॉलेज मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की छत्तीसगढ़ से जुड़ी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने संकल्प घोषित किया कि ‘बदलबो बदलबो ऐ दारी कांग्रेस के सरकार ला बदलबो।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की गारंटी है। हम भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गारंटी हैं। कांग्रेस का पंजा छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक है। कांग्रेस के कोर-कोर में करप्शन है।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और छत्तीसगढ़ के पुरखों का मान बढ़ाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के विकास के लिए दिन रात मेहनत कर रही है। विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी, माता बमलेश्वरी, माता दंतेश्वरी, माता महामाया, बाबा भोरमदेव और बाबा गुरु घासीदास जी की पावन भुइयां में आप सभी को जय जोहार। आप लगातार बारिश के बावजूद भी यहां आए। आपका यह जो जोश उमंग है उसके लिए पहले मैं आपका अभिनंदन करता हूं। आभार व्यक्त करता हूं।

*छत्तीसगढ़ के निर्माण में भाजपा की भूमिका अहम*

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ वह राज्य है, जिसके निर्माण में भाजपा की प्रमुख भूमिका रही है। भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को समझती है। उनकी जरूरतों को जानती है।इसलिए आज दिल्ली से भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के तेज विकास के लिए पूरी ताकत लगा रही है। आज भी यहां के विकास के लिए 7000 करोड़ रुपए से अधिक के कार्य का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इनमें रायपुर से विशाखापटनम इकॉनोमिक कॉरिडोर शामिल है। यह सारी योजनाएं आपके जीवन से मुश्किलें कम करेंगी। यहां रोजगार के हजारों नए अवसर बनेंगे। 2 साल बाद छत्तीसगढ़ के निर्माण के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ का युवा ऊर्जा से भरा हुआ है। कहते भी हैं कि छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया।



श्री मोदी ने कहा कि अगले 2 साल छत्तीसगढ़ के विकास के लिए बहुत अहम हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हुआ है। यह कांग्रेस का पंजा है। यह पंजा आपसे आपका हक छीन रहा है। कांग्रेसी पंजे ने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूट- लूट करके बर्बाद कर देगा।

*कांग्रेस की वादाखिलाफी*

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है। याद कीजिए गंगा जी को साक्षी मानकर इन्होंने एक घोषणा पत्र जारी किया था। दावा किया था कि 10 दिन के भीतर यह कर देंगे, वह कर देंगे। तब कांग्रेस ने बड़ी-बड़ी बातें की थीं लेकिन आज इस घोषणापत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त ही चली जाती है।


प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के झूठ, उसके फरेब की पोल खोलने के लिए इनके एक वादे की याद मैं आपको जरूर दिलाना चाहूंगा। छत्तीसगढ़ की माताएं बहनें बेटियां इस बात को जरा गौर से सुनें। छत्तीसगढ़ से जो 36 वादे कांग्रेस ने किए थे, उन वादों में से एक था राज्य में शराब बंदी लागू की जाएगी। कहा यह भी था कि जो अनुसूचित क्षेत्र हैं, वहां ग्राम सभाओं को शराबबंदी का अधिकार दिया जाएगा। अब 5 साल होने को हैं और सच्चाई यह है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ों रुपयों का शराब घोटाला जरूर कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है। यानी कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों से धोखा किया। छत्तीसगढ़ से धोखा किया। उन्होंने कहा कि आरोप है कि यह जो कमीशन के पैसे उगाहे जाते थे, यह कांग्रेस पार्टी के खाते में गए हैं। इसलिए चर्चा यहां हो रही है, कहने वाले कहते हैं कि शराब से होने वाली उगाही के कारण यहां ढाई ढाई साल के मुख्यमंत्री पद वाला फार्मूला लागू नहीं हो पाया।

*कांग्रेस का भ्रष्टाचार*
*कांग्रेस के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम*

श्री मोदी ने कहा कि आपको एक बात जरूर याद रखनी होगी कि कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है। अब आप समझ पाएंगे कि आखिरकार पिछले तीन-चार वर्षों में जो चुनाव देश में हुए हैं, उनमें कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अपने नेताओं को क्यों जिम्मेदारी देती रही। घोटाले घपले के आरोप सिर्फ शराब तक ही सीमित नहीं है। यहां ऐसा कोई विभाग नहीं है, ऐसा कोई काम नहीं है जो संदेह के घेरे से बाहर है। कोल माफिया, रेत माफिया, लैंड माफिया, शराब माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल फूल रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के अभियान जल जीवन मिशन तक को इन्होंने नहीं छोड़ा। यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पता नहीं कौन कितने लोग हैं, जिन पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ सरकार कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है। इसलिए ही आज छत्तीसगढ़ से चारों तरफ, हर कोने से, हर जुबां से एक ही आवाज उठ रही है, एक ही आवाज सुनाई दे रही है, एक ही आवाज गूंज रही है, बदलबो बदलबो बदलबो ऐ दारी कांग्रेस के सरकार ला बदलबो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बीते 4 साल में जो कुछ हुआ, इससे फिर से साबित हुआ है कि कांग्रेस के कोर- कोर में करप्शन है। कांग्रेस इसके बिना सांस भी नहीं ले सकती। कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा करप्शन है। जब मैं कहता हूं कि करप्शन की कमीशन खोरी की गारंटी है तो वह नाराज हो जाते हैं। वह मोदी को भला बुरा कहना शुरू कर देते हैं। इनकी नाराजगी इस बात का प्रमाण है कि भाजपा की केंद्र सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। क्योंकि देश ने यही दायित्व मुझे दिया है और इसलिए जिनके दामन में दाग हैं, वे एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। जो एक दूसरे को पानी पी पीकर कोसते हैं, आज साथ आने के बहाने खोज रहे हैं। उनको लगता है कि ऐसा करने से वे मोदी को डरा पाएंगे, मोदी को डिगा पाएंगे।

श्री मोदी ने स्पष्ट तौर कर कहा कि देश के हर भ्रष्टाचारी को एक बात कान खोलकर सुन लेनी चाहिए, वे अगर भ्रष्टाचार की गारंटी हैं, तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है। जिन्होंने गलत किया है, वे बचेंगे नहीं। मुझमें यह कहने की हिम्मत है, क्योंकि मेरे पास जो कुछ भी है, आप का दिया हुआ है, देश का दिया हुआ है।

श्री मोदी ने कहा कि भ्रष्ट लोग मेरे पीछे पड़ेंगे। मेरी कब्र खोदने की धमकी दे देंगे। मेरे खिलाफ साजिश है। जो डर जाए, वह मोदी नहीं। मुझे इनकी परवाह नहीं है। कांग्रेस जितनी चाल चले, लेकिन छत्तीसगढ़ के लोगों को आगे ले जाने के संकल्प से मोदी पीछे नहीं हटेगा। मोदी गरीब का बेटा है। गरीब का दुख दर्द समझता है।

*मोदी की गारंटी विकास*


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जानता हूं कि गांव को सड़क से जोड़ने से गरीब का कितना भला होता है। इसलिए हमने कांग्रेस सरकार से दोगुने पैसे गांव की सड़कों को जोड़ने के लिए दिए। जब गांव गांव तक सड़क पहुंचेगी, विकास भी तेजी से पहुंचेगा। रोजगार भी तेजी से पहुंचेगा। भाजपा सरकार आज कांग्रेस सरकार के मुकाबले नेशनल हाईवे पर, रेलवे पर कई गुना ज्यादा खर्च कर रही है। जब कनेक्टिविटी बढ़ती है, आना जाना आसान होता है तो गरीब का जीवन भी तो आसान होता है। आपकी हर मुश्किल को कम करने के लिए भाजपा दिन रात मेहनत कर रही है। बीते 9 वर्षों में नक्सलवाद की समस्या से बाहर निकालने प्रयास हुए हैं। नतीजा देश देख रहा है। कुछ साल पहले तक देश में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 126 के आसपास थी। अब घटकर 70 के आसपास रह गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अपने कुशासन और भ्रष्टाचार के दाग को कांग्रेस झूठी गारंटी से छुपाने की कोशिश करती है। आपको ऐसी झूठी गारंटी से बहुत सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। भाजपा जो गारंटी देती है, जो वादा करती है, उसे पूरा करके भी दिखाती है।आयुष्मान भारत योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 40 लाख गरीबों का मुफ्त इलाज हुआ है। यह है भाजपा की असली गारंटी। कोरोना के संकट काल में हमने छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों को मुफ्त राशन दिया, एक भी चूल्हा बुझने नहीं दिया, आज भी अतिरिक्त राशन दिया जा रहा है, यह भाजपा की असली गारंटी है। पीएम फसल बीमा योजना से छत्तीसगढ़ के किसानों को 65 करोड़ रुपये मिल चुके हैं, उनके खाते में जमा हो चुके हैं, यह है भाजपा की असली गारंटी। किसान सम्मान निधि के 6600 करोड रुपए से अधिक 40 लाख किसानों को मिले हैं, यह भाजपा की गारंटी है। कांग्रेस गरीब की सबसे बड़ी दुश्मन है। भाजपा सरकार दिल्ली से जो योजनाएं यहां लेकर आई उसमें भी यहां की कांग्रेस सरकार अड़ंगा लगा देती है। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना इसका उदाहरण है। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में गरीबों के लिए 12 लाख मकान बनाने की तैयारी की थी। जब तक यहां भाजपा की सरकार रही तब तक तेजी से गरीबों के घर बने लेकिन जैसे ही कांग्रेस की सरकार आई, घर बनाने की रफ्तार पर रोक लग गई। जब यहां भाजपा सरकार थी तब हर साल गरीबों के लिए दो लाख से ज्यादा मकान बनाए। अब कांग्रेस सरकार 1 साल में 1 लाख घर भी नहीं बनवा रही।पैसे दिल्ली से भेजते हैं, यहां आवास योजना के लाखों घर वेटिंग लिस्ट में हैं, इंतजार की सूची में पड़े हैं। आपके पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में गरीबों के मकान बन रहे हैं लेकिन छत्तीसगढ़ के गरीबों के लाखों घरों को यहां कांग्रेस ने रोक कर के रखा है। भाजपा ने यहां गरीबों को पक्की छत के लिए मोर आवास मोर अधिकार का आंदोलन किया। जैसे ही भाजपा की सरकार बनेगी, गरीब को घर देने का काम तेज किया जाएगा। मैं उन सभी गरीब परिवारों को कहना चाहता हूं जिनके भाग्य को पंजा कुचल रहा है यह पंजा हटते ही गरीब का घर बनेगा। यह मोदी गारंटी देता है।

*कांग्रेस किसानों के साथ खेल कर रही है*80 फीसदी पैसा केंद्र दे रहा है*

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यहां धान की खरीदी को लेकर भी कांग्रेस सरकार जो खेल, खेल रही है, वह भी आप लोगों को जानना जरूरी है। यहां की सरकार धान किसानों को गुमराह करने में जुटी है। केंद्र की भाजपा सरकार का प्रयास छत्तीसगढ़ के किसानों से ज्यादा से ज्यादा धान खरीदने का है। जितनी सरकारी खरीद होती है उसका 80 प्रतिशत से ज्यादा भारत सरकार के हिस्से का होता है। हमने न केवल धान का समर्थन मूल्य बढ़ाया बल्कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में किसानों की संख्या भी बढ़ाई। छत्तीसगढ़ धान की खरीदी के मामले में बहुत आगे निकल चुका है। भाजपा की केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के धान किसानों को एक लाख करोड़ से भी ज्यादा दिए हैं। इस साल भी यहां पर धान किसानों को 22 हजार करोड़ से भी ज्यादा दिए हैं। यह भाजपा है जो यहां के किसानों के लिए काम कर रही है।जबकि कांग्रेस सिर्फ और सिर्फ किसानों को धोखा दे रही है। उनसे झूठ बोल रही है।

*कांग्रेस ने जनजातीय समाज को सदा साधन और सुविधाओं से वंचित रखा*

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने जनजातीय समाज को हमेशा वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। हमेशा साधन और सुविधाओं से वंचित रखा। हमारे आदिवासी समाज के प्रत्येक समुदाय अपने अधिकारों से वंचित थे। भाजपा सरकार ने उन्हें जनजातियों की सूची में शामिल कर उनका अधिकार दिलवाया है। यह भाजपा सरकार है, जिसने अलग से आदिवासी कल्याण मंत्रालय बनाया है।भाजपा ने आदिवासी बच्चों के लिए एकलव्य मॉडल स्कूल बनाए। यह भाजपा सरकार है जिसने आदिवासी किसानों के लिए केंद्र खोलें। ऐसे जगह जहां जाना मुश्किल है जिन्हें दुर्गम बताकर कांग्रेस हाथ पर हाथ रखकर बैठ जाती है, यहां छत्तीसगढ़ में भी यहां कितने जिले हैं, भाजपा सरकार ने ऐसे जिलों के विकास को प्राथमिकता में लिया। हमने इन्हें आकांक्षी जिला घोषित किया। आज इन जिलों में विकास की एक नई गाथा लिखी जा रही है। बीजापुर हो, सुकमा हो, दंतेवाड़ा हो, सभी आकांक्षी जिले विकास के पैरामीटर में अच्छा काम कर रहे हैं। इसके लिए भारत सरकार भरपूर मदद कर रही है। अभी कुछ दिन पहले ही सिकलसेल एनीमिया को लेकर एक बहुत बड़े अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत देश को सिकलसेल बीमारी से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। यह बीमारी सबसे अधिक जनजातीय, पिछड़े समुदाय को प्रभावित कर रही है। लेकिन कांग्रेस को कभी आदिवासी समाज की याद नहीं आई। अब जाकर इसमें आदिवासी, पिछड़े समाज को एनीमिया मुक्त करने के लिए राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत हुई। ब्लड बैंक खोले जा रहे हैं। बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा बढ़ाई जा रही है। स्कैनिंग की सुविधा बढ़ा रहे हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी बीमारी से कैसे रोका जा सके, इसके लिए काम कर रहे हैं। कांग्रेसी सरकारों ने आदिवासी सेनानियों का भी हमेशा अपमान किया। भाजपा सरकार ने पहली बार भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजाति गौरव दिवस घोषित किया। आदिवासी सेनानियों के स्मारक बनवा रहे हैं। रानी दुर्गावती के शौर्य दिवस 5 अक्टूबर को वीरांगना रानी की 500 वीं जयंती पर केंद्र सरकार बहुत बड़ा आयोजन करेगी। ऐसे सेवा कार्यों के कारण ही आज भाजपा आदिवासियों की, पिछड़ों की, दलितों की, गरीबों की पहली पसंद है। आज छत्तीसगढ़ में भाजपा के पक्ष में माहौल बना हुआ है। जनता ठान चुकी है कि इस बार के चुनाव में कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को बाहर का रास्ता दिखाया जाए।

*प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव बोले 24 में केंद्र और 23 में राज्य में भाजपा सरकार बनना तय*

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज गौरव का विषय है कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन हुआ। कौशल्या माता के मायके, भगवान राम के ननिहाल और संत गहिरा गुरु के धाम, संत गुरु घासीदास बाबा के धाम, शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गुंडाधुर की वीर भूमि और छत्तीसगढ़ के पावन धाम में मोदी जी का अभिनंदन है। आज हमारे बीच हमारे केंद्र के मंत्री नितिन नितिन गडकरी, मनसुख मांडवीया जी, डॉ रमन सिंह जी, रेणुका सिंह जी और मंच पर विराजमान नेतागण और इतनी बड़ी संख्या में बरसते पानी में नरेंद्र मोदी जी को सुनने आए हुए छत्तीसगढ़ के भाई बहनों सभी को पाय लागी करता हूं। आज पूरा छत्तीसगढ़ उत्साहित है। पूरा छत्तीसगढ़ उत्साह से भरा हुआ है। छत्तीसगढ़ के कोने कोने में संदेश जा रहा है कि 2024 में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। जब 24 में मोदी जी का प्रधानमंत्री बनना तय है तो अभी नवंबर महीने में छत्तीसगढ़ में भी कमल खिलाना है। यह विश्वास आज प्रधानमंत्री जी को देना है।

*आज का दिन छत्तीसगढ़ वासियों के लिए यादगार:डॉक्टर रमन*

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक अवसर छत्तीसगढ़ के लिए, रायपुर वासियों के लिए गौरवशाली क्षण है। पूरे छत्तीसगढ़ वासियों की ओर से प्रधानमंत्री का स्वागत करता हूं। अभिनंदन करता हूं जिन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान सम्मान और गौरव बढ़ाया उनका भगवान राम की ननिहाल में स्वागत है। अयोध्या में राम जन्मभूमि पर रामलला का भव्य मंदिर बनाने वाले मोदी जी का छत्तीसगढ़ में स्वागत है। जम्मू कश्मीर से 370 समाप्त करने वाले प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ में स्वागत है। महामारी के दौर में 80 करोड़ लोगों को राशन देने वाले, 225 करोड़ भारतीयों को मुफ्त में टीका लगाने वाले, लाखों लोगों को आयुष्मान योजना में इलाज कराने वाले, भारत को पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने वाले मोदी जी का स्वागत है। अटल जी ने राज्य बनाया, मोदी जी ने संवारा सजाया। आज मैं कह सकता हूं मोदी जी का कार्यकाल इस 9 साल की उपलब्धि छत्तीसगढ़ में रोड कनेक्टिविटी एयर कनेक्टिविटी के साथ सड़कों का जाल बिछाने का काम किया गया। एक ही संकल्प लेना चाहता हूं। आंधी तूफान, पूरी रात बारिश होती रही लेकिन एक भी व्यक्ति नहीं रुका सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं। आम जनता का अभिनंदन करता हूं। हम यह संकल्प लें कि 2023 में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाना है। 2024 में मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। वे छत्तीसगढ़ आते रहें। हम सबको मार्गदर्शन देते रहें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आम सभा के मंच पर उनका छत्तीसगढ़ की आदिवासी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ,भाजपा मनसुख मांडवीया,प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, सह प्रभारी नितिन नबीन, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सांसद सुनील सोनी, गोमती साय चुन्नीलाल साहू,विजय बघेल, गुहाराम अजगले,संतोष पांडे, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय, विक्रम उसेंडी ,पूर्व सांसद राम विचार नेताम,पूर्वa विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक, वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ,पुन्नूलाल मोहिले,रजनीश सिंह गौरीशंकर अग्रवाल पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, प्रेम प्रकाश पांडे,अमर अग्रवाल,पूर्व मंत्री राजेश मूणत, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, रायपुर संभाग प्रभारी सौरभ सिंह विधायक रंजना साहू,डमरूधर पुजारी,प्रदेश उपाध्यक्ष, भूपेंद्र सव्वनी सरला कोसरिया लक्ष्मी वर्मा निर्मल सिन्हा, संभाग प्रभारी किरण देव,प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप,विजय शर्मा, ओपी चौधरी,मधुसूदन यादव, माजूद रहे

Share
पढ़ें   छत्तीसगढ़ में बिजली टैरिफ में मामूली बढ़ोतरी, किसानों को नहीं मिलेगा बोझ, स्टील उद्योगों को राहत—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले: गुणवत्ता, पारदर्शिता और सस्ती दरों के लिए प्रतिबद्ध है सरकार

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed