8 Mar 2026, Sun

अंबिकापुर: “एक सप्ताह में आएगी भाजपा प्रत्याशियों की बड़ी लिस्ट, जिताऊ कैंडिडेट को ही मिलेगा टिकट” – ओम माथुर

प्रमोद मिश्रा, 26 अगस्त 2023

अंबिकापुर में भाजपा के चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की एक बड़ी लिस्ट एक सप्ताह के अंदर आ जाएगी। भाजपा इससे पहले 21 प्रत्याशियों का नाम घोषित कर चुकी है। भाजपा में टिकट जिताऊ कैंडीडेट को दिया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता भी जिताऊ नहीं हैं, तो उन्हें टिकट नहीं मिलेगी। छत्तीसगढ़ में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। प्रदेश की भूपेश सरकार पर हमलावर ओम माथुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी हार को देखकर छत्तीसगढ़ियावाद की बात कर रहे हैं। आर्थिक अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार को लेकर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार घिरी हुई है। ईडी व आईटी सहित केंद्रीय जांच एजेंसियां रोज नए खुलासे कर रही हैं, जिसके कारण भूपेश बघेल इन संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रहे हैं

उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के 14 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की स्थिति की समीक्षा करने पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रभारी व चुनाव प्रभारी ओम माथुर शनिवार को पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटी हुई है। प्रदेश में परिवर्तन की लहर है। इस विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। चुनाव के 90 दिनों पूर्व ही 21 प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। इनमें से कुछ प्रत्याशियों का क्षेत्र में विरोध को लेकर माथुर ने कहा कि कहीं कोई विरोध की स्थिति नहीं है। एक जगह कई दावेदार होते हैं, जिनमें से किसी एक को टिकट मिलने पर कुछ नाराजगी की स्थिति मिलती है। पहले टिकट बांटे जाने का यह फायदा है कि वहां भाजपा डैमेंज कंट्रोल कर लेगी।

पढ़ें   शासकीय योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में कारगिल विजय दिवस का आयोजन

भाजपा चुनाव प्रभारी ने कहा कि भाजपा सिस्टम की पार्टी है, किसी परिवार की पार्टी नहीं है, किसी एक नेता की पार्टी नहीं है। उपर से नीचे तक सबकी राय लेकर भाजपा प्रत्याशी तय कर रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं होगा। भाजपा का चेहरा कमल निशान होगा। भाजपा में आईएएस अधिकारी, दूसरे दलों के विधायक एवं बड़ी संख्या में लोग प्रवेश कर रहे हैं। ओम माथुर ने कहा कि वे अपने प्रवास के दौरान भाजपा के बूथ स्तर तक के माइक्रो मैनेजमेंट की समीक्षा कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के भांजे को खैरागढ़ से टिकट देने का लेकर ओम माथुर ने कहा कि वे पहले से भाजपा के सदस्य एवं पदाधिकारी हैं। वे भाजपा परिवार के सदस्य हैं।


ईडी, आईटी पर आरोप लगाना गलत-
भाजपा चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार व आर्थिक अनियमितता चरम पर है। ईडी, आईटी व केंद्रीय जांच एजेंसियां रोज नए खुलासे कर रही हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पास बोलने को कुछ नहीं है। यूपीए कांग्रेस का शासन था कोई महीना ऐसा नहीं गया जब इन्ही संस्थाओं ईडी, आईटी व सीबीआई ने कार्रवाई न की हो। तत्कालीन केंद्रीय मंत्रियों एवं उनके नेताओं पर कार्रवाई हुई और वे जेल गए तो क्या तब भी ये संस्थाएं नरेंद्र मोदी के नियंत्रण में थीं? ये संवैधानिक संस्थाएं हैं, उनके केस का एक प्रोसेस है। उस समय भाजपा शासित राज्यों में भी इन संस्थाओं ने कार्रवाई की तब भाजपा ने शोर नहीं मचाया। आज ये संस्थाएं यदि राहुल गांधी को पूछताछ के लिए बुला लेती हैं तो पूरे देश में आंदोलन चलने लगता है। कांग्रेस का मुख्यमंत्री इन संस्थाओं की रोज शिकायत कर रहा है। इन संस्थाओं पर सवाल उठाना गलत है। ओम माथुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी हार देखकर छत्तीसगढ़ियावाद की बात कर रहे हैं। इसका कोई असर नहीं होने वाला है।

पढ़ें   भूपेश कैबिनेट की बैठक आज : मुख्यमंत्री निवास में होगी मंत्रपरिषद की बैठक, कई अहम निर्णय ले सकती है कैबिनेट

कोर कमेटियों से मांगे प्रत्याशियों के नाम-
सरगुजा संभाग के पहले दिन ओम माथुर ने शुक्रवार को जशपुर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र जशपुर, कुनकुरी व पत्थलगांव विधानसभा सीटों के कोर कमेटियों की बैठक ली। देर शाम अंबिकापुर पहुंचे ओम माथुर ने यहां अंबिकापुर, सीतापुर एवं सामरी विधानसभाओं के कोर कमेटियों की बैठक ली। भाजपा ने इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं की है। ओम माथुर ने तीनों विधानसभाओं में भाजपा की स्थिति व चुनावी तैयारी की समीक्षा की एवं कोर कमेटियों से संभावित प्रत्याशियों के तीन-तीन नाम मांगे। कोर कमेटी की बैठक के बाद ओम माथुर ने सभी को चुनाव में जीत का मंत्र भी दिया। शनिवार को ओम माथुर बैकुंठपुर के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे बैकुंठपुर, भरतपुर-सोनहत एवं मनेंद्रगढ़ विधानसभाओं के कोर कमेटियों की बैठक लेगें एवं संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा करेंगे।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed