8 Mar 2026, Sun

पंडरिया से भाजपा प्रत्याशी भावना के पास 21 करोड़ की संपत्ति, मंत्री अकबर सात करोड़ के मालिक

प्रमोद मिश्रा, 23 अक्टूबर 2023

रायपुर। 20 विधानसभा क्षेत्रों मे होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को समाप्त हो गई और 294 से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है, यहां सात नवंबर को मतदान होगा। उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र के साथ शपथ पत्र भी दिया है जिसमें राजनांदगांव सीट से पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने अपनी चार करोड़ से अधिक की संपत्ति का ब्योरा दिया है लेकिन उनके पास कोई कार नहीं है। वहीं कवर्धा से कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद अकबर ने भी अपनी सात करोड़ से अधिक की संपत्ति घोषित की और वे पेट्रोल पंप के मालिक है। इन सब प्रत्याशियों में से सबसे अधिक संपत्ति की मालकिन पंडरिया से भाजपा प्रत्याशी भावना बोहरा के पास करीब 21.12 करोड़ रुपये की अचल संपति है।
छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के पास 4.15 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 2.92 लाख नकद है। पत्नी वीणा सिंह के नाम 1.21 करोड़ रुपये की संपत्तियां हैं, उनके पास दो करोड़ मू्ल्य के जेवर हैं। तीन बार के मुख्यमंत्री के पास एक भी कार या वाहन नहीं हैं। परिवार के पास भी वाहन नहीं है। हां, 41 हजार की पिस्टल अवश्य है। उनके नाम पर 21 लाख रुपये का ऋण भी है। उन्होंने 1975 में आयुर्वेदिक कालेज रायपुर से बीएएमएस की डिग्री ली है।
कवर्धा से कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद अकबर के पास 32.50 लाख नकद रकम है। उनके पास 11 लाख 80 हजार मूल्य के जेवर और पेट्रोल पंप भी है। करीब सात करोड़ 35 लाख की अचल संपत्ति है। इसमें अलग-अलग स्थानों पर प्लाट, जमीन व मकान भी शामिल है। उनकी पत्नी के पास डेढ़ लाख नकद रकम सहित 1.16 करोड़ से अधिक का 197 तोला सोना और 3910 ग्राम चांदी है। उनकी पत्नी के नाम पर भी एक करोड़ 95 लाख रुपये की संपत्ति है। उन्होंने वर्ष 1977 में दुर्गा महाविद्यालय रायपुर से बीकाम में स्नातक किया है।
कवर्धा से भाजपा प्रत्याशी विजय शर्मा के पास करीब डेढ़ करोड़ की संपत्ति है। चार लाख से अधिक नकद, 25 तोला सोना और एक किलो चांदी है। कई बैंक खातों में जमा राशि भी शामिल है। ग्राम इंदोरी में कृषि भूमि, कवर्धा में वाणिज्यिक भवन भी शामिल है। उनकी पत्नी रश्मि के पास 3.55 लाख नगद रकम, 40 तोला सोना, एक किलो चांदी और एक्टिवा है। पत्नी के नाम पर प्लाट भी है। उन्होंने भोज विश्वविद्यालय भोपाल से एमसीए की डिग्री ली है, उनके खिलाफ कवर्धा थाना में चार अलग-अलग अपराधिक मामले है।
मोहला मानपुर से कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रशाह मंडावी के पास 75 हजार नकद रकम है। एक चार पहिया वाहन भी है। कुल एक करोड़ 32 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। इसमें आठ एकड़ कृषि जमीन के अलावा प्लाट भी शामिल है। उनकी पत्नी के पास 35 हजार रुपये नगद रकम, एक चार पहिया वाहन, 400 ग्राम सोना, 120 ग्राम चांदी है। पत्नी के नाम पर भी अलग-अलग स्थानों में करीब 7.55 एकड़ जमीन है। इंद्रशाह मंडावी ने इतिहास में एमए किया है।
मोहला मानपुर से भाजपा प्रत्याशी संजीव शाह के पास करीब 10 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इसमें अंबागढ़ चौकी में 49.14 एकड़ कृषि भूमि शामिल है। अंबागढ़ चौकी में एक वाणिज्यिक जमीन है, जिसमें करीब तीन लाख 32 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में भवन बना हुआ है। उनके पास एक करोड़ रुपये का एक बंगला भी है। उनके खिलाफ किसी भी तरह का अपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उन्होंने वर्ष 1997 में दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव में बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण किया है।

पढ़ें   जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ दौरा : दो दिन छत्तीसगढ़ में रहेंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल

पंडरिया से भाजपा प्रत्याशी भावना बोहरा के पास करीब 21.12 करोड़ रुपये की अचल संपति है। 30.58 एकड़ जमीन है। राजनांदगांव जिले के ग्राम ठाकुरटोला, बेमेतरा के लोलेसरा व कोबिया में भी उनके पास जमीन है। सात लाख नकद है। 15 लाख रुपये के सोना चांदी के जेवरात है। रायपुर के गोल्डन पार्क, लाभांडी में फ्लैट है। उनके पति के नाम पर भी छह करोड़ 29 लाख 11 हजार 994 रुपये की अचल संपत्ति है। भावना बोहरा के खिलाफ कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं है। वे पीजी तक पढ़ाई की है।
पंडरिया से कांग्रेस प्रत्याशी नीलकंठ चंद्रवंशी भी करोड़पति है। उनके पास 40 हजार नकद, सात बड़ी गाडिय़ां, एक तोला सोना है। अचल संपत्ति में कबीरधाम के धोरेवाल में 4.26 एकड़ जमीन है। उनकी पत्नी के पास 10 हजार नकद, पांच तोला सोना और एक किलो चांदी है। पत्नी के नाम पर भी कवर्धा में प्लाट है। चंद्रवंशी ने वर्ष 1997 में दुर्ग के दीपक नगर स्कूल से 12 वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनके खिलाफ कोई अपराधिक मामला नहीं है।
चित्रकोट से कांग्रेस प्रत्याशी व प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के पास 87.5 लाख रुपये की संपत्ति है। इसमें 1.5 लाख नकद है। पत्नी पूनम बैज के नाम 24 लाख रुपये की संपत्तियां हैं। उनकी पत्नी के पास 5.5 लाख रुपये के सोने व 35 हजार के चांदी के जेवर हैं। दो बार के विधायक व सांसद के पास एक स्कार्पियो व एक टोयोटा इनोवा कार है। इस पर 20 लाख रुपये का ऋण भी है। उन्होंने पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर से 2003 एमए और 2008 में एलएलबी की डिग्री ली है।
कोंटा से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के पास 34.71 लाख रुपये की संपत्ति है। इसमें 10.21 लाख रुपये नकद है। पत्नी बुधरी कवासी के नाम 21.77 लाख रुपये की संपत्तियां हैं। स्वयं के पास 4.85 लाख के जेवरात है, जबकि पत्नी के पास 8.65 लाख रुपये के जेवर हैं। स्वयं के नाम पर भूमि व मकान 1.13 करोड़ रुपये व पत्नी के नाम पर 35.70 लाख रुपये की संपत्ति है। 15.85 लाख रुपये का ऋण भी है। पूर्व मंत्री के पास कोई वाहन नहीं है। उनकी शैक्षणिक योग्यता केवल साक्षर है।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed