11 Mar 2026, Wed
Breaking

कांग्रेस जैसी भूखी-भ्रष्ट सरकार देश के राजनीतिक इतिहास में कभी नहीं देखी – राजनाथ सिंह

प्रमोद मिश्रा

रायपुर/सीतापुर,12 नवंबर 2023। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दावा किया है कि छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर को पहले चरण का मतदान सम्पन्न हुआ है और सभी सर्वेक्षण एजेंसियाँ यह दावा कर रही हैं कि पहले चरण के मतदान में सबसे आगे भारतीय जनता पार्टी है। यह अच्छी शुरुआत है और सभी मतदान के दूसरे चरण में इस शुरुआत को एक ऐतिहासिक परिणाम में बदलने का संकल्प लेना है। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार और भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बनने के बाद छत्तीसगढ़ में क्या हो रहा है? ‘तीस टक्का भूपेश कक्का’ के राज में 30 टक्का तो सीधे-सीदे ‘ऊपर’ जा रहा है, और नीचे जिसको जहाँ जितना मिलता है, वह केवल खाता है। ऐसी भूखी-भ्रष्ट सरकार देश के राजनीतिक इतिहास में कभी नहीं देखी गई। इसे उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने सिंह ने शनिवार को सरगुजा संभाग के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि पाँच सालों से महादेव एप के जरिए सट्टा का धंधा चल रहा है। लगता है, महादेव जी ने तय कर लिया है कि इस भ्रष्ट सरकार को यहाँ से जाना चाहिए और भारतीय जनता पार्टी की साफ-सुथरी सरकार आनी चाहिए। यहाँ जो घोटाले हुए हैं, उसकी जाँच हो रही है। कुछ दिनों में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। चाहे छत्तीसगढ़ का भ्रष्टाचारी हो, चाहे देश में कहीं का भी भ्रष्टाचारी हो, आरोप सिद्ध होने पर भाजपा की सरकार उसे माफ नहीं करेगी, उसे जेल की सलाखों के पीछे डाला जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि 25 साल पहले पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था। छत्तीसगढ़ आदिवासी बहुल क्षेत्र है। 15 वर्षों तक यहाँ भाजपा की सरकार रही है। डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री के रूप में अपनी भूमिका का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। लेकिन 2018 में कांग्रेस की सरकार आई और उसके बाद प्रदेश की जनता ने देखा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई। अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। अनेक गरीब परिवार की बेटियाँ गायब हो गईं। श्री सिंह ने कहा कि ऐसे अनेक मुद्दे हैं, जिनके मद्देनजर छत्तीसगढ़ की सत्ता से कांग्रेस को खदेड़ देने की जरूरत है। मानव तस्करी के साथ-साथ नशे का कारोबार भी यहाँ तेजी से बढ़ा है। आम छत्तीसगढ़िया आज हर तरफ खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक सम्पदा की कोई कमी नहीं है। यहाँ के लोग परिश्रमी हैं लेकिन यहाँ उद्योग धंधे नहीं हैं, कारोबार पनप नहीं रहा है। एक ऐसी स्थिति प्रदेश में निर्मित हो गई है कि मजबूरी में यहा के लोगों को कमाने-खाने के लिए पलायन करना पड़ता है। श्री सिंह ने कहा कि अटलजी ने छत्तीसगढ़ के लिए जो सपना संजोया था, वही सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी है। लेकिन श्री मोदी के आने के बाद यहाँ से भाजपा की सरकार चली गई और इस कारण श्री मोदी का नया छत्तीसगढ़ बनाने का सपना साकार नहीं हो पाया। श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने एक भी काम ऐसा नहीं किया है कि जनता उन्हें दुबारा चुने। यदि इनका रिपोर्ट कार्ड देखें तो निष्कर्ष जीरो बटा सन्नाटा ही होगा। न अच्छी सरकार कांग्रेस दे पाई, न विकास के काम भूपेश सरकार ने किए, फिर भी कांग्रेस के लोग कहते हैं कि हम ही हीरो हैं। रोजगार का जहाँ तक प्रश्न है, पीएससी में घोटाला करके युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम भूपेश सरकार ने किया। कांग्रेस नेताओं और बड़े अफसरों के बेटे-बेटियों रिश्तेदारों की भर्ती करके कांग्रेस सरकार ने धोखा किया। भाजपा की सरकार आने के बाद पीएससी भर्ती की गड़बड़ियों की भी जाँच कराई जाएगी और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। श्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ तो कांग्रेस का एटीएम बन गया है। लोग कहते हैं, पार्टी फंडिंग का पैसा दिल्ली जाता है। घोटाले ही घोटाले हो रहे हैं, लूट ही लूट मची है। शराब, गौठान, रेत, राशन, चावल, डीएमएफ समेत तमाम घोटाले की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस का एक पसंदीदा घोटाला कोयला घोटाला है। केंद्र में जब कांग्रेसनीत यूपीए की सरकार थी तब भी कोयला घोटाला हुआ था। कोयला से कांग्रेस के लोगों का ऐसा याराना है कि जब भी इनको कोयला दिखाई देता है, ये अपना मुँह भी काला कर लेते हैं और हाथ भी काला कर लेते हैं।

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात गंभीरता से नहीं सुनते थे। पर आज जब भारत कुछ बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नौ साल के कार्यकाल की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि यह बेहद तकलीफदेह है कि जो योजनाएँ प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूरे देश के लिए लागू की हैं, उन बहुत सारी योजनाओं को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने लागू नहीं किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख में से 16 लाख घर प्रदेश की भूपेश सरकार ने बनने ही नहीं दिए। इसी तरह 17 लाख परिवार केंद्र की जल जीवन योजना से वंचित रह गए। भाजपा सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में प्रधानमंत्री आवास के लिए राशि जारी की जाएगी, दो साल में कोई घर जल जीवन योजना से वंचित नहीं रहेगा। श्री सिंह ने कहा कि आदिवासियों के प्रति प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार काफी संवेदनशील है। पहली बार आदिवासियों के कल्याण के लिए केंद्र में अलग से मंत्रालय भी

पढ़ें   CG में कांग्रेसी विधायक को नक्सलियों की धमकी : अंतागण के विधायक अनूप नाग को मिली नक्सलियों की धमकी, बढ़ाई गई विधायक की सुरक्षा

अटलजी के शासनकाल बनाया और प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने आदिवासियों के कल्याण के लिए बजट प्रावधान की राशि भी बढाई है। शहीद बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस सारे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। पहली बार आदिवासी राष्ट्रपति भी भाजपा की सरकार ने बनाया है। आदिवासी समाज के वीरों का देश की आजादी में बड़ा योगदान रहा है।

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार की वादाखिलाफी पर हमला बोलते हुए कहा कि नक्सलवाद पर भाजपा सरकार ने काफी नियंत्रण पाया था, पर कांग्रेस के राज में नक्सलवाद फिर बढ़ा है। भाजपा की सरकार बनने के बाद तीन-चार वर्षों के भीतर नक्सलवाद को खत्म कर दिया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण हो रहा है। प्रलोभन देकर किसी का जबरिया धर्मांतरण क्यों किया जाना चाहिए? भाजपा की सरकार धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए प्रावधान करेगी। श्री सिंह ने कहा कि धान खरीदी को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार मिथ्या प्रलाप करके प्रदेश को गुमराह करने में लगी है। भाजपा की सरकार अब 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर किसानों का प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदेगी। भाजपा सरकार बनने के छह माह के भीतर छत्तीसगढ़ के सभी किसानों के खाते बैंकों में खुलवाए जाएंगे। कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश पर कर्ज का बोझ लाद दिया है। भाजपा की सरकार इस कर्ज के बोझ से भी मुक्ति दिलाएगी।

इससे पहले सभा को सीतापुर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकुमार टोप्पो सहित भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय मंत्री व राँची की पूर्व महापौर डॉ. आशा लकड़ा, झारखंड के विधायक अनंत ओझा, ललन प्रताप सिंह जिलाध्यक्ष भाजपा, पूर्व सांसद कमल भान सिंह, अखिलेश सोनी, भारत सिंह सिसोदिया, अभिमन्यु गुप्ता, देवनाथ पैकरा, प्रभात खलखो, अनिल निराला, अरुणा सिंह इत्यादि उपस्थित थे।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed