11 Mar 2026, Wed
Breaking

मनसुख मांडविया बोले, भाजपा सरकार बनते ही दिसंबर महीने में छत्तीसगढ़ में फिर दिवाली होगी

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 16 नवंबर 2023। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ चुनाव सह प्रभारी मनसुख मांडविया ने कहा कि दिसंबर माह छत्तीसगढ़ के लिए खास होने जा रहा है। हम यहां 65 प्लस के साथ सरकार बनाएंगे। घोषणा पत्र में जो वायदे हैं, दिसंबर में ही उन्हें पूरा करने की शुरुआत कर देंगे। पीएससी घोटाले की जांच के लिए कमेटी बिठाएंगे। महादेव एप्प के नाम पर पैसों की उगाही करने वालों को खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। मांडविया ने कहा कि कुछ अधिकारियों को मैं संदेश देना चाहूंगा निष्पक्ष होकर कार्य करें। बिना कारण भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान न करें। याद रखें 3 दिसम्बर को भाजपा आ रही है।

एकात्म परिसर में आज पत्रकार वार्ता में मनसुख मांडविया ने कहा कि पहले चरण के चुनाव में भाजपा की जीत की बुनियाद तैयार हो चुकी है। 17 नवंबर को दूसरे चरण के मतदान में जनता छत्तीसगढ़ को कुशासन से मुक्त करने एवं विकास की बुलंद इमारत खड़ी करने आतुर है। छत्तीसगढ़ में अंधेरा छंट रहा है। सूरज निकलने वाला है। कमल खिलने वाला है। छत्तीसगढ़ को भाजपा ने बनाया है, वही इसे संवार सकती है। विकास की जो रफ्तार 2018 में रुक गई है वह डबल इंजन की सरकार की ताकत से तेज गति से दौड़ेगी। मोदी जी की गारंटी वाला भाजपा का संकल्प पत्र छत्तीसगढ़ के विकास और छत्तीसगढ़ की जनता के कल्याण का रोडमेप है। हमारा विजन उस राज्य के सम्पूर्ण विकास का है, जो राज्य हमने बनाया है। हमारे संकल्प पत्र ने हमारी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस को अपनी तथाकथित गारंटियां और घोषणा पत्र बदलने मजबूर कर दिया। यह भाजपा की जीत और कांग्रेस की हार की गारंटी है। 3 दिसंबर को भाजपा की सरकार बनते ही पूरा दिसंबर माह भाजपा के लिए मोदी की गारंटी पूरा करने का होगा। 3 दिसंबर को भाजपा की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 18 लाख आवास के लिए हम राशि जारी करेंगे और गरीब को आशियाना देना सुनिश्चित करेंगे। अगले चरण में छत्तीसगढ़ के युवाओं को न्याय दिलाने का काम करेंगे। पीएससी परीक्षा में छत्तीसगढ़ के युवाओं का हक मारते हुए कांग्रेस ने अपने चहतों को उपकृत किया है। इस घोटाले की तुरंत जांच करवाकर दोषियों को सजा दिलवाएंगे। 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के राज्य निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्म दिन है। इस सुशासन दिवस के अवसर पर किसानों को 2 साल का बोनस देंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ के धान बेचने वाले प्रत्येक किसान को 65100 रु प्रति एकड़ एक मुश्त सीधा किसानों के खाते में डालेंगे। छत्तीसगढ़ की विवाहित महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना के तहत ₹1000 प्रति माह देने का संकल्प पूरा करेंगे। जनवरी 2024 में अयोध्या में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होगी। छत्तीसगढ़ के नागरिकों को भाजपा रामलला दर्शन यात्रा पर अयोध्या ले जाएगी।

मांडविया ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं और जनता के बीच भय का माहौल पैदा करने का षड़यंत्र तो चुनाव के छह माह पहले ही शुरू हो गया था। हमारे कार्यकर्ताओं और नेताओं की टारगेट किलिंग हुई। चुनाव के दौरान मोहला मानपुर में बिरजू तेहराम व नारायणपुर में रतन दुबे को निशाना बनाया गया। यह छत्तीसगढ़ की जनता ने देखा है कि चुनाव को प्रभावित करने किसने पर्दे के पीछे से हिंसा का मार्ग अपनाया। हमें अपने शहीद कार्यकर्ताओं पर गर्व है। छत्तीसगढ़ की जनता इनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाने देगी। हमारे परिवार के इन लोगों ने लोकतंत्र के यज्ञ में आहुति दी है। भाजपा की सरकार आने पर नक्सलवाद का समूल नाश हो जाएगा। 5 वर्ष में बस्तर, नारायणपुर, कवर्धा, बिरनपुर एवं सरगुजा में सनातन का अपमान किया गया है। अवैध धर्मांतरण को बढ़ावा देते हुए तुष्टिकरण की नीति अपनाई गई है। हम सब के अराध्या महादेव के नाम का भी दुरुपयोग किया गया। जनता इस अपमान को भूलेगी नहीं और 17 तारीख को सरकार के खिलाफ वोट डालेगी।

पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मीडिया संयोजक व प्रयागराज के विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह, प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता, दीपक म्हस्के, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल तथा सुरेंद्र पाटनी उपस्थित थे।

Share
पढ़ें   सफलता की कहानी: महासमुंद के किसानों ने बिना किसी परेशानी के बेचा धान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की किसान-कल्याण योजनाओं से बढ़ा उत्साह

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed