11 Mar 2026, Wed
Breaking

मोदी जी की गारंटी पर काम शुरू- विष्णुदेव

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 15 दिसंबर 2023। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय कैबिनेट की पहली बैठक राज्य के आवासहीनों को समर्पित रही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कैबिनेट की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी कि कल सरकार गठित हुई है और आज मंत्रिमंडल की पहली बैठक में राज्य के आवासहीनों के लिए 18 लाख प्रधानमंत्री आवास निर्माण को मंजूरी दे दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि किसानों को 2 साल का बकाया बोनस 25 दिसंबर को देने का वादा निश्चित रूप से पूरा होगा। पांच साल में मोदी जी की सभी गारंटियां पूरी होंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति बिगाड़ दी। अब डबल इंजन की सरकार जनता ने चुनी है तो स्थिति सुधरेगी और जनता से किए गए वादे पूरे होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने संवाददाता सम्मेलन में जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश के मतदाताओं ने भाजपा पर बहुत बड़ा विश्वास किया है। कल्पना से भी बड़ी सफलता दिलाई है। कल ही नई सरकार का शपथ समारोह था। हम लोगों ने शपथ ली। ऐसे में सौभाग्य का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आशीर्वाद देने पधारे थे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री पधारे थे। हम इन सभी के भी आभारी हैं।



मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि शपथ समारोह के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में मोदी गारंटी पूरी करने का काम शुरू हो गया है। सबसे पहले जो गरीब 18 लाख आवास से वंचित हो गए थे, उन्हें आवास मिलेंगे। प्रधानमंत्री जी ने भी गरीबों को आवास देने का वादा किया है। हमने पहला काम 18 लाख आवास निर्माण को स्वीकृत करने का किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ को आर्थिक तौर पर खोखला कर दिया लेकिन हम शत प्रतिशत वादे पूरे करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों को 25 दिसंबर को 2 साल का बकाया बोनस देंगे। धान के मूल्य के बारे में उन्होंने कहा कि मोदी गारंटी के सभी वादे पूरे होंगे। मुख्यमंत्री ने आदिवासी इलाकों में भाजपा को मिली अपार सफलता के मद्देनजर कहा कि आदिवासी समाज का मान सम्मान भाजपा ने बढ़ाया है। हमारी पहले की सरकार ने 15 साल तक आदिवासियों के हित में काम किया। उन्हें भुखमरी से बाहर निकाला। सस्ता अनाज देने का काम शुरू किया। हमारे रमन सिंह चांउर वाले बाबा के नाम से विख्यात हुए। हमने आदिवासी क्षेत्रों में विकास के सभी काम किए हैं। हमने आदिवासी समाज से देश को द्रौपदी मुर्मू जी के रूप में राष्ट्रपति दी हैं। हमारी केंद्र सरकार ने आदिवासियों के लिए पृथक से मंत्रालय बनाया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पिछली सरकार की योजनाओं के संबंध में सवाल का जवाब देते हुए कहा कि सभी योजनाओं की समीक्षा करेंगे और उचित निर्णय लेंगे।

धर्मांतरण के सवाल पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछली सरकार ने धर्मांतरण को बढ़ावा दिया। हमारी सरकार विचार करेगी कि कैसे हम इस पर रोक लगाएं। नक्सलवाद के बारे में उन्होंने कहा कि हमारी 15 साल की सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ी थी और अब भी हम मजबूती से लड़ेंगे। पीएससी घोटाले के बाबत उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी ने कहा है। यह स्पष्ट है कि हम उचित कदम उठाएंगे। मुख्यमंत्री के संवाददाता सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

Share
पढ़ें   मोहन मरकाम ने ली मंत्री पद की शपथ : शिक्षा के साथ पंचायत विभाग का मिल सकता है जिम्मा, राजभवन में राज्यपाल ने दिलाई शपथ

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed