11 Mar 2026, Wed
Breaking

कांग्रेस को ऐसा हराएँ कि बघेल दुबारा राजनांदगाँव की तरफ नजर उठाकर भी न देख सकें : विष्णुदेव साय

प्रमोद मिश्रा

राजनांदगांव, 14 अप्रेल 2024।खैरागढ़ में भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को  संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव कई मायनों में बेहद महत्वपूर्ण है। यह चुनाव श्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार फिर प्रधानमंत्री बनाने के लिए है। प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार को जनता के साथ धोखाधड़ी करने वाली बताकर श्री साय ने कहा कि 2018 में कांग्रेस ने खूब लोकलुभावन वादे करके प्रदेश की सत्ता हासिल की थी, लेकिन पूरे पाँच साल के शासनकाल में उसने एक भी वादा पूरा नहीं किया। छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार और अपराध का गढ़ बनाकर रख दिया था। घोटालों-पर-घोटाले करने वाली भूपेश सरकार ने गोबर तक में भ्रष्टाचार करके प्रदेश को शर्मसार किया। कांग्रेस के कई नेता और सरकार के कई बड़े अधिकारी इन घोटालों के आरोप में जेल में हैं और उन्हें बेल तक नहीं मिल रही है, उल्टे बेल मांगने पर मा.कोर्ट जुर्माना लगा रहा है। श्री साय ने कहा राजनांदगाँव से कांग्रेस से प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी महादेव एप घोटाले में एफआईआर दर्ज हुई है और उन पर इस एप को संरक्षण देने के नाम पर 508 करोड़ रुपए बतौर प्रोटेक्शन मनी लेने का भी आरोप है। श्री साय ने सभा में हुँकार भरी कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस का खाता तक नहीं खुलने दें और राजनांदगाँव की जनता कांग्रेस को ऐसा हराए कि बघेल दुबारा राजनांदगाँव की तरफ नजर उठाकर भी न देख सकें। अपनी साढ़े तीन माह की भाजपा सरकार के कामकाज का ब्योरा रखते हुए श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार ने इस छोटी-सी अवधि में मोदी की गारंटी के तहत किए गए अधिकांश वादे पूरे कर दिए हैं। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास को स्वीकृति दी गई। किसानों को दो साल के बकाया बोनस का भुगतान किया गया। प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से 3100 रुपए की दर पर रिकॉर्ड 145 लाख मीटरिक टन धान की खरीदी की गई और किसानों को अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान किया गया। महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह विवाहित महिलाओं के खाते में 1000 रुपए की राशि की दो किश्तें जमा करा दी गई हैं। रामलला दर्शन योजना को तहत प्रदेश के रामभक्तों को नि:शुल्क अयोध्या भेजा गया। सब काम साँय-साँय हुआ है और आगे भी सब काम साँय-साँय होगा। इसलिए कांग्रेस के लोग अब आँय-बाँय बोलकर झूठ फैला रहे हैं। अब प्रदेश की जनता कांग्रेस को पूरी तरह बाय-बाय करने जा रही है। श्री साय ने जनसमूह से भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।

*भाजपा का घोषणा पत्र मोदी की गारंटी और 2047 के विकसित भारत का संकल्प पत्र है: विजय शर्मा*

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री/गृह मंत्री विजय शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धारा 370 को खत्म करके कश्मीर में भारत का संविधान लागू किया। आज देश के किसी भी कोने में बम के धमाकों की आवाज सुनाई नहीं पड़ रही है। पूर्वोत्तर के राज्यों में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में अभूतपूर्व शांति कायम हुई है। भाजपा के रविवार को जारी संकल्प पत्र की चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि यह मोदी की गारंटी है, 2047 के विकसित भारत का संकल्प पत्र है, छोटे व्यवसायियों के उत्थान की गारंटी है, आधारभूत संरचना के विस्तार का संकल्प पत्र है, जबकि कांग्रेस का घोषणा पत्र तुष्टीकरण की राजनीति का आईना है। आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के सशक्त व सक्षम नेतृत्व में भारत की सामर्थ्य का डंका देश-दुनिया में बज रहा है। कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार पर हमलावर होते हुए श्री शर्मा ने कहा कि राजनांदगाँव के कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल वही हैं जो अपने मुख्यमंत्री रहते प्रदेश के 18 लाख गरीबों का आवास रोका था। भाजपा की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहली कैबिनेट में इन आवासों को स्वीकृति देकर मोदी की गारंटी पूरी की। प्रदेश की भाजपा सरकार ने महतारी वंदन योजना की दो किश्तें महिलाओं के खाते में जमा कराई, किसानों को दो साल का बकाया बोनस भुगतान किया और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदकर उसका एकमुश्त भुगतान किया।

सभा को सांसद व भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय, पूर्व सांसद त्रय प्रदीप गांधी, मधुसूदन यादव व अभिषेक सिंह, पंडरिया विधायक भावना वोहरा, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, विक्रांत सिंह ने भी संबोधित कर भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन देकर विजयी बनाने की अपील की। सभा में प्रदेश चुनाव प्रभारी व बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा,  प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष भूपेंद्रसिंह सवन्नी,
पूर्व सांसद अशोक शर्मा, पूर्व विधायक खूबचंद पारख,  राजनांदगाँव लोकसभा संयोजक नारायण चंदेल सहित भाजपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और भारी संख्या में जनसमूह की उपस्थिति रही।
—————–

Share
पढ़ें   छत्तीसगढ़ के गौरव : अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन काठमांडू में छत्तीसगढ़ की नैनी तिवारी ने किया काव्यपाठ, कवयित्री डॉ. नैनी तिवारी को "साउथ एशियन ब्रिलिएन्स" अवार्ड 2022 से सम्मानित किया गया

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed