8 Mar 2026, Sun
Breaking

सीएम विष्णु देव साय ने महासमुन्द लोकसभा के बसना में एक विशाल जनसभा को किया सम्बोधित, कहा – मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में महासमुंद लोकसभा की जनता का भी सहयोग हो


प्रमोद मिश्रा

*रायपुर/बसना, 21 अप्रैल 24 ।* कांग्रेस सरकार ने 18 लाख गरीबों को आवास नहीं दिया। कई लोगों के मकान अधूरे के अधूरे रह गए। इसलिए कांग्रेस को गरीबों की आह लगी। जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया। जबकि हमारी सरकार ने वादे के मुताबिक शपथ ग्रहण के दूसरे ही दिन 18 लाख गरीबों के आवास को स्वीकृति दी। क्योंकि हमारी नीति भी ठीक है, नियत भी ठीक है।



मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद के बसना में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित किया।

उन्होंने कहा कि 10 वर्षों की मोदी सरकार, 15 वर्षों की रमन सरकार, अभी 3 महीने की हमारी सरकार की ऐसी कोई भी योजनाएं नहीं होंगी जो हर घर तक न पहुंची हो। मोदी और भाजपा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक घरों के लोगों को मिला है। सीएम साय ने प्रदेश में 46 प्रतिशत मत और 54 सीटों के साथ हुई भाजपा की बम्पर जीत के लिए जनता का विशेष आभार जताया। लोकसभा चुनाव में भी पूर्ण सहयोग की मांग की, रूपकुमारी चौधरी को प्रचंड मतों से जिताने का आग्रह किया।


मुख्यमंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार की पोल खोलते हुए कहा कि कांग्रेस लबरा पार्टी है, ठगरा पार्टी है। कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। शराब के दो काउंटर थे, एक काउंटर का पैसा कांग्रेस सरकार को जाता था, दूसरे काउंटर का पैसा सोनिया-राहुल-प्रियंका के पास जाता था। पूरी कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ के शराब के पैसे से चली। तभी तो छत्तीसगढ़ की जनता ने 2023 में कांग्रेस को सरकार से आउट कर दिया। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। छः महीने से एक साल हो गए उनका जमानत नहीं हो रहा है। आज भी कई भ्रष्ट अधिकारी जेल गए हैं। ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है। कांग्रेस को फिर से सबक सिखाना है, खाता खोलने भी नहीं देना है।

विष्णु देव साय ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं। उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी। 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी। श्री साय ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किये वरन महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के दूसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है। हर महीने के पहले सप्ताह को किश्त की राशि दे दी जाएगी, ये भरोसा मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दिलाया। श्री रामलला दर्शन योजना की शुरुआत भी हो चुकी है, जिससे कि प्रदेश के रामभक्त अयोध्या में भांचा राम के दर्शन का लाभ पा रहे हैं। उन्होंने 5500 रूपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता खरीदने के आदेश भी दे दिए जाने की बात कही। साथ ही उन्होंने मोदी की गारंटी में जो बचे वादे हैं उनको भी सांय-सांय पूरा करने की बात कही।


श्री साय ने कहा कि ये चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है, ये बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है। ये चुनाव देश के देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। एक चायवाले, गरीब के बेटे मोदी जी 140 करोड़ देशवासियों के लिए दिन-रात काम करते हैं। 24 घंटे में 18 घंटे काम करते हैं। वो देश के गांव, गरीब, मजदूर, किसान सबकी चिंता करते हैं। मोदी जी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया। उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया, भारत का डंका बजाया। मोदी जी ने अपनी दूरदृष्टि से भारत को आर्थिक स्थिति की दृष्टि से 11वें स्थान से 5वें स्थान पर लाया। उन्होंने कहा कि हमें विकसित भारत बनाना है इसलिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। ये चुनाव मोदी जी के नेतृत्व में भारत 2029 तक दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बने इसका चुनाव है।

सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है इसलिए जनता को अलग-अलग मुद्दों पर भरमा रही है, तरह-तरह के षड़यंत्र कर रही है। लेकिन मैं आप सभी को आश्वस्त करने आया हूँ कि हताश और निराश हो चुकी कांग्रेसियों के इस बहकावे में बिल्कुल मत आइये। आरक्षण कभी खत्म नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा है – आरक्षण कभी खत्म नहीं होगा। जब तक छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार है महतारी वंदन योजना भी बंद नहीं होगी। महिलाओं को निरंतर इसका लाभ मिलता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी जगह-जगह फार्म भरवा कर जनता को ठग रहे हैं कि उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने 8 हजार और साल में एक लाख देंगे। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं होने वाला है। श्री साय ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पहले ही छत्तीसगढ़ की सत्ता भाजपा को सौंप दी है और केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है। ये सब जानते हुए भी कांग्रेसी जनता को ठगने का नया पैंतरा ले कर आए हैं, जिसका जनता करारा जवाब देगी।

जनसभा में सांसद चुन्नीलाल साहू, लोकसभा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी, विधायक सम्पत अग्रवाल, अमरजीत छाबड़ा, अजय सिंह, एनके अग्रवाल, दीदी प्रियंका गुरु, उषा पटेल, रुकमणि पटेल, सुमित अग्रवाल, सतपाल सिंह छाबड़ा, हरप्रसाद पटेल सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Share
पढ़ें   कर्नाटक चुनाव को लेकर छत्‍तीसगढ़ में सियासत: कांग्रेस बोली- भाजपा डर के मारे रच रही खरगे की हत्या का साजिश

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed