8 Mar 2026, Sun
Breaking

भाजपा ने असली आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया – विष्णु देव साय

प्रमोद मिश्रा
*रायपुर/मानपुर, 22 अप्रैल 24।* छत्तीसगढ़ के आदिवासियों की बहुत दिनों से मांग थी कि छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री एक आदिवासी होना चाहिए। इस मांग को भाजपा ने, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पूरा किया। एक असली आदिवासी को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। कांग्रेस ने एक नकली आदिवासी अजीत जोगी को मुख्यमंत्री बनाया था, जो बाद में जांच में नकली आदिवासी निकले। आज एक असली आदिवासी मुख्यमंत्री आप सभी से आशीर्वाद लेने आया है। सभी को आशीर्वाद देना है, मानपुर का तीव्र गति से विकास करना है। 

राजनांदगांव लोकसभा के अंतर्गत मानपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचारी पार्टी है। तभी तो उनके पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि हम दिल्ली से 1 रुपया भेजते हैं और वो आम लोगों तक केवल 15 पैसा पहुँचता है। मतलब साफ़ है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है।

कांग्रेस और भूपेश बघेल को घेरते हुए श्री साय ने कहा कि कांग्रेस लबरा पार्टी है, ठगरा पार्टी है। कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। तभी तो छत्तीसगढ़ की जनता ने 2023 में कांग्रेस को सरकार से आउट कर दिया।

उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया। पहले गंगा मैया का अपमान किया, फिर महादेव के नाम को भी भूपेश बघेल ने नहीं छोड़ा। महादेव सट्टा एप निर्बाध रूप से चले इसके लिए 508 करोड़ रूपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप उन पर लगा, एफआईआर भी दर्ज हुआ। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उनको ऐसे हराना है कि राजनांदगांव की तरफ नजर भी न उठा सके। पूरे पांच साल की सरकार में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अपमानित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। जेल में चक्की पीस रहे हैं। जमीन पर सो रहे हैं, मच्छर काटने से परेशान हैं। छः महीने से एक साल हो गए उनका जमानत नहीं हो रहा है। आज भी कई भ्रष्ट अधिकारी जेल गए हैं। ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है। कांग्रेस को फिर से सबक सिखाना है। छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को जीरो में आउट करना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव देश के देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। एक चायवाले, गरीब के बेटे मोदी जी 140 करोड़ देशवासियों के लिए दिन-रात काम करते हैं। 24 घंटे में 18 घंटे काम करते हैं। वो देश के गांव, गरीब, मजदूर, किसान सबकी चिंता करते हैं। क्योंकि एक गरीब ही दूसरे गरीब के मर्म को समझता है। मोदी जी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया। उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया, भारत का डंका बजाया। आज मोदी जी दुनिया में कहीं भी जाते हैं तो लोग मोदी-मोदी के नारे लगाते हैं। रूस और अमेरिका के राष्ट्रपति भी चाहते हैं कि मोदी जी से मुलाकात हो जाए।

उन्होंने कहा कि हमारा पड़ोसी देश पाकिस्तान, जो भारत को हमेशा गीदड़भभकी देता था। लेकिन मोदी जी की सरकार आने के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान की बोलती बंद हो गई है। जब अभिनंदन का फाइटर प्लैन गिरा तो उनको बाइज्जत पकिस्तान ने भारत को सौंपा। पाकिस्तान अब भारत की तरफ नजर उठा कर भी नहीं देख सकता। ये है मोदी जी के नेतृत्व में भारत की ताकत। जिसकी पूरी दुनिया लोहा मान रही है। उन्होंने कहा कि हमें विकसित भारत बनाना है इसलिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। ये चुनाव मोदी जी के नेतृत्व में भारत 2029 तक दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बने इसका चुनाव है। इसलिए आप सभी भाई संतोष पांडेय को पुनः सांसद बनाइये, ये आग्रह करने आया हूँ।

पढ़ें   IAS RANU SAHU : पहले DSP फिर IAS अफसर बनीं, 540 करोड़ के कोयला घोटाले में आया नाम, फिर जाना पड़ा जेल, पढ़ें रानू साहू के जन्मदिन पर उनकी जिंदगी से जुड़ी ये कहानी...


सीएम साय ने कहा कि मेरा सौभाग्य था कि 2014 में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में एक सांसद-राज्यमंत्री के रूप में मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ कार्य करने का अवसर मिला। मैंने करीब से देखा कि मोदी जी की पहली प्राथमिकता में देश के गरीबों का विकास है, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मोदी जी ने गरीबों को आवास, गैस-सिलेंडर, जनधन बैंक खाता और शौचालय देने का काम किया। 4 करोड़ आवास बनवाए, 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचाई।

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने अपने दूसरे कार्यकाल में बड़े-बड़े वादों को पूरा किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करवाया। आज छत्तीसगढ़ के भांचा राम टेंट से निकलकर भव्य मंदिर में विराजमान हो गए हैं। अभी 17 अप्रैल को रामनवमी का भव्य त्यौहार राम मंदिर में मनाया गया। मोदी जी ने कश्मीर से धारा 370 को शांतिपूर्वक हटाने का काम, ट्रिपल तलाक जैसे जटिल कानून को हटाकर मुस्लिम माताओं-बहनों संग न्याय करने का काम किया। मोदी जी ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर सबकी सेवा की, सबको समृद्ध बनाया।

श्री साय ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है इसलिए जनता को अलग-अलग मुद्दों पर भरमा रही है, तरह-तरह के षड़यंत्र कर रही है। लेकिन मैं आप सभी को आश्वस्त करने आया हूँ कि हताश और निराश हो चुकी कांग्रेसियों के इस बहकावे में बिल्कुल मत आइये। जब तक छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार है महतारी वंदन योजना भी बंद नहीं होगी। महिलाओं को निरंतर इसका लाभ मिलता रहेगा। हर महीने के पहले सप्ताह में राशि दे दी जाएगी।



सीएम साय ने कहा कि लोकसभा का चुनाव आया तो कांग्रेसी फिर से जनता को ठग रहे हैं। डबल इंजन की सरकार आदिवासियों का आरक्षण ख़त्म कर देगी ये भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा है कि आरक्षण कभी भी खत्म नहीं होगा। कोई भी ताकत आरक्षण को ख़त्म नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है तो अब वे आरक्षण ख़त्म होने का भ्रम फैला रहे हैं। सीएम साय ने जनता से अपील की कि कांग्रेसियों की बातों में नहीं आना है, उसको सबक सिखाना है और इस चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने देना है।

विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेसी जगह-जगह फार्म भरवा कर जनता को ठग रहे हैं कि उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने 8 हजार और साल में एक लाख देंगे। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं होने वाला है। श्री साय ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पहले ही छत्तीसगढ़ की सत्ता भाजपा को सौंप दी है और केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है। ये सब जानते हुए भी कांग्रेसी जनता को ठगने का नया पैंतरा ले कर आए हैं, जिसका जनता करारा जवाब देगी।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं। उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी। 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी। श्री साय ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किये वरन महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के दूसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है। हर महीने के पहले सप्ताह को किश्त की राशि दे दी जाएगी, ये भरोसा मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दिलाया।

उन्होंने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना की शुरुआत भी हो चुकी है, जिससे कि प्रदेश के रामभक्त अयोध्या में भांचा राम के दर्शन का लाभ पा रहे हैं। 5500 रूपये प्रति मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदने के भी आदेश दे दिए हैं। चरण पादुका योजना की भी पुनः शुरुआत होगी। साथ ही उन्होंने मोदी की गारंटी में जो बचे वादे हैं उनको भी सांय-सांय पूरा करने की बात कही।

सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संसाधन से परिपूर्ण राज्य है। यहाँ लोहा, टिन, बाक्साइट, कोयला सब है। 100 प्रकार के वनोपज से भरपूर है। यहाँ की धरती-माटी उर्वरा शक्ति से भरपूर है। यहाँ के किसान मेहनतकश हैं। इसलिए मिल-जुल कर छत्तीसगढ़ को विकसित बनाना है, भारत को विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनाना है। इसके लिए आप सभी का आशीर्वाद मांगने आया हूँ। चुनाव के बाद हमारी सरकार सब काम को सांय-सांय करेगी।

जनसभा में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, चोवादास साहू, अशोक चौबे, जिलाध्यक्ष मदन साहू, पूर्व विधायक संजीव शाह, नम्रता सिंह, नरसिंह मंडावी, कंचन लता भुआर्य, भोजेश साहू, गीता साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed