प्रमोद मिश्रा
जगदलपुर/नारायणपुर, 01 अप्रैल 2025

बस्तर के किसानों की समस्याओं को देखते हुए जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर किसानों के हित में नहरों में पानी छोड़ा गया। गौरतलब है कि फसलों की सिंचाई को लेकर परेशान किसान इंद्रावती नदी से पानी की मांग को लेकर पिछले एक महीने से आंदोलन कर रहे थे।
इंद्रावती बचाओ संघर्ष समिति के किसानों ने मंत्री केदार कश्यप को ज्ञापन सौंपकर पानी की समस्या के समाधान की मांग की थी। साथ ही खण्डसरा, नहरनी, केशरापाल, कुम्हली, फाफनी, मूरकुची, बेसोली, बाकेल, सोरगांव, भानपुरी और फरसागुड़ा के किसानों ने भी सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की थी।
मंत्री के निर्देश पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन के बाद आज, 1 अप्रैल 2025 को, कोसार्टेडा जलाशय से रबी सिंचाई के लिए तीसरी बार 6.00 क्यूमेक पानी नहरों के माध्यम से छोड़ा गया। कुल 10 एमसीएम पानी सिंचाई हेतु बांध से उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों ने मंत्री केदार कश्यप का आभार जताते हुए नए जलाशयों के शीघ्र निर्माण की मांग भी रखी।
इस पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार की प्राथमिकता किसानों का हित सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, “किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे उनकी फसलें सुरक्षित रहेंगी और उनकी समस्याओं का समाधान होगा।”





