प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 14 अप्रैल 2025
राजधानी में बढ़ती जनसंख्या, अपराध और यातायात दबाव को देखते हुए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर पुलिस विभाग में तत्काल भर्ती की मांग की है। उन्होंने राजधानी व जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रिक्त पदों पर नियुक्ति और अतिरिक्त पुलिस बल की स्वीकृति की आवश्यकता जताई है।
सांसद अग्रवाल ने पत्र में लिखा है कि रायपुर की जनसंख्या 16 लाख से पार कर चुकी है और शहरी विस्तार तेजी से हो रहा है। इसके चलते अपराध के नए तरीके सामने आ रहे हैं, वहीं साइबर क्राइम भी बढ़ा है। वर्तमान में रायपुर जिले में पुलिस विभाग के 3805 स्वीकृत पदों में से 796 पद रिक्त हैं। आरक्षक वर्ग में 2738 पदों में से केवल 2007 भरे हैं, जबकि 731 पद खाली हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में रायपुर जिले की जनसंख्या लगभग 30 लाख हो गई है और पंजीकृत वाहनों की संख्या 18 लाख के करीब पहुंच गई है। इसके मुकाबले रायपुर की यातायात शाखा में केवल 416 पुलिसकर्मी कार्यरत हैं, जबकि बी.पी.आर.एंड डी. मानकों के अनुसार 2388 पुलिस बल की जरूरत है।
सांसद ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पुलिस विभाग में रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की जाए और यातायात शाखा के लिए 1972 नए पद स्वीकृत किए जाएं, जिससे राजधानी में ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सके।
बृजमोहन अग्रवाल ने यह भी कहा कि उन्होंने पूर्व में भी इस विषय पर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया था, अब समय आ गया है कि इस पर शीघ्र निर्णय लेकर कार्यवाही की जाए।