28 May 2025, Wed 12:32:54 AM
Breaking

बीजापुर के जंगलों में 5 दिन से धधक रही सबसे बड़ी जंग: 12 हजार जवानों ने 1500 नक्सलियों को घेरा, हेलीकॉप्टर से बमबारी, हीट स्ट्रोक से 40 जवान बीमार

प्रमोद मिश्रा

बीजापुर, 26 अप्रैल 2025

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ आज पांचवें दिन भी जारी रही। बताया जा रहा है कि यह देश का अब तक का सबसे बड़ा नक्सल विरोधी अभियान है, जिसमें 10 से 12 हजार जवान हिस्सा ले रहे हैं। जवानों ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में करीब 1500 नक्सलियों, जिनमें बड़े कैडर के नक्सली लीडर भी शामिल हैं, को चारों ओर से घेर रखा है। सुरक्षा बल इस मुठभेड़ को नक्सलवाद के खिलाफ अंतिम लड़ाई के रूप में देख रहे हैं।

सुरक्षाबल हेलीकॉप्टर की मदद से नक्सलियों पर गोलीबारी और बमबारी कर रहे हैं। उसूर थाना क्षेत्र के कोतापल्ली गांव के समीप कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में बीते 120 घंटों से लगातार मुठभेड़ जारी है। अब तक सुरक्षाबलों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनमें से 3 के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। आज भी दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है और हेलीकॉप्टर के माध्यम से दबाव बढ़ाया जा रहा है।

भीषण गर्मी में जवानों की तबीयत बिगड़ी

भीषण गर्मी के चलते 40 से अधिक जवान हीट स्ट्रोक का शिकार हो गए हैं। इन्हें इलाज के लिए तेलंगाना के वेंकटापुरम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ स्थल पर कई जवानों को पर्याप्त पानी और ग्लूकोज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उनकी स्थिति बिगड़ रही है। इसके बावजूद बाकी जवान नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं और जंगलों में डटे हुए हैं।

स्थिति पर नजर बनाए हुए अधिकारी

उच्च स्तर पर इस ऑपरेशन की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन को पूरी रणनीति के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही बड़ी सफलता की उम्मीद की जा रही है।

Share
पढ़ें   छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में IED ब्लास्ट :  सात महिलाओं के साथ 15 नक्सली गिरफ्तार, 6 लाख रुपए के इनामी नक्सली ने किया सरेंडर

 

 

 

 

 

By Desk

You Missed