11 Mar 2026, Wed
Breaking

भारत का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस SEZ छत्तीसगढ़ में: नवा रायपुर बनेगा डिजिटल इंडिया का नया टेक हब, रैकबैंक लगाएगा ₹1000 करोड़, गूगल-माइक्रोसॉफ्ट जैसी दिग्गज कंपनियों की एआई सेवाएं यहीं से होंगी संचालित

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 28 मई 2025

भारत का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (SEZ) अब छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में स्थापित होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक परियोजना का नेतृत्व रैकबैंक डेटा सेंटर्स प्राइवेट लिमिटेड कर रही है, जो करीब ₹1000 करोड़ का निवेश करेगी।

यह एआई SEZ पूरी तरह कंप्यूटर, इंटरनेट और उन्नत एआई तकनीकों को समर्पित होगा। लगभग 6 एकड़ क्षेत्र में फैले इस ज़ोन में अत्याधुनिक तकनीक से युक्त 1.5 लाख वर्ग फीट का डेटा सेंटर तैयार किया जाएगा। भविष्य में चार हाई-डेंसिटी डेटा सेंटर्स भी स्थापित किए जाएंगे, जिनकी कुल क्षमता 80 मेगावाट होगी – जो कई राज्यों के डिजिटल नेटवर्क को संभाल सकेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस परियोजना को “नवा छत्तीसगढ़ की नई शुरुआत” बताते हुए कहा कि यह प्रदेश को तकनीकी पहचान देगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने इसे डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया के विज़न की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

रैकबैंक के सीईओ नरेंद्र सेन ने जानकारी दी कि इस डेटा सेंटर में आईटी इंजीनियर, डेटा विशेषज्ञ, साइबर सुरक्षा अधिकारी, नेटवर्क मैनेजर जैसे कई पद सृजित होंगे। कंपनी छत्तीसगढ़ के आईटीआई, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों के साथ मिलकर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू करेगी, जिससे स्थानीय छात्र सीधे इंडस्ट्री के अनुकूल तैयार हो सकें।

यह SEZ न केवल तकनीक बल्कि टिकाऊ विकास का भी प्रतीक होगा। परियोजना ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन मानकों के अनुरूप होगी, जिसमें सौर ऊर्जा, जल संरक्षण और ऊर्जा दक्ष उपकरणों का उपयोग किया जाएगा।

सबसे खास बात यह है कि यह परियोजना गांवों और छोटे शहरों के युवाओं के लिए भी अवसर खोलेगी। अब कांकेर, सुकमा, बिलासपुर और दंतेवाड़ा जैसे जिलों के छात्र रायपुर में रहकर ही गूगल, ओपनएआई, माइक्रोसॉफ्ट और मेटा जैसी वैश्विक कंपनियों के साथ काम कर सकेंगे – उन्हें न बेंगलुरु जाना पड़ेगा, न विदेश।

पढ़ें   CG में एथनिक और इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए सचिव अन्बलगन की अध्यक्षता में बैठक : मास टूरिज्म की बजाय वैल्यू टूरिज्म पर दिया जोर, 2020 की पर्यटन नीति होगी रिवाइज

इस पहल के साथ छत्तीसगढ़ न केवल देश का बल्कि वैश्विक तकनीकी मानचित्र पर भी एक नया मुकाम हासिल करने की ओर अग्रसर है।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed