प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 28 मई 2025
प्रदेश में प्री मानसून की दस्तक के साथ मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 7 दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर सहित अन्य क्षेत्रों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
बदलते मौसम के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।
बस्तर संभाग में आज सबसे ज्यादा बारिश की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को रायगढ़ में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जगदलपुर और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर खुले क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्कता जरूरी है।