12 Jun 2025, Thu 8:51:20 PM
Breaking

हेलीकॉप्टर में उड़ान से पहले आई तकनीकी खराबी : सीएम विष्णुदेव साय को उतारा गया नीचे, प्रशासन ने तुरंत मंगवाया नया हेलीकॉप्टर

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 28मई 2025

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सोमवार सुबह उस समय अचानक हेलीकॉप्टर से उतरना पड़ा, जब उड़ान से ठीक पहले उसमें तकनीकी खराबी सामने आई। यह घटना रायपुर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड की है, जहां से उन्हें ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होना था।

जानकारी के अनुसार, जैसे ही मुख्यमंत्री साय हेलीकॉप्टर में बैठे, तकनीकी टीम को उसमें कुछ खामी नजर आई। तत्काल सतर्कता बरतते हुए मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर से नीचे उतारा गया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री कुछ समय तक हेलीपैड पर ही रुके और वैकल्पिक उड़ान व्यवस्था का इंतजार करते रहे। इसी बीच उन्होंने मीडिया से बातचीत की और पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए।

प्रशासन ने तत्काल नया हेलीकॉप्टर मंगवाया है, जिससे मुख्यमंत्री अब ‘सुशासन तिहार’ के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे। राहत की बात यह है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और प्रशासन सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

औचक दौरे की भी संभावना

मुख्यमंत्री साय आज रायपुर में राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक और नागरिक अभिनंदन समारोह में भी शामिल होंगे। इसके बाद वे प्रदेश के किसी भी जिले का औचक दौरा कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक सारंगढ़ और रायगढ़ के बाद आज वे अचानक किसी अन्य जिले में पहुंच सकते हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री इन दिनों ‘सुशासन तिहार’ मना रहे हैं, जिसके तहत वे सीधे जनता से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत जान रहे हैं। आज के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 6 बजे रायपुर लौटेंगे।

पढ़ें   'छेरछेरा पर्व' विशेष : छत्तीसगढ़ में आज मनाया जाएगा छेरछेरा पर्व...लोगों के घर - घर जाकर अनाज मांगेंगे बच्चे... जानिए क्या है इसका विशेष महत्व

प्रमुख बिंदु:

  • उड़ान से पहले हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी, सीएम साय को उतारा गया
  • नई उड़ान व्यवस्था के बाद कार्यक्रम में होंगे शामिल
  • आज रायपुर के बाद किसी जिले का औचक दौरा संभव
  • ‘सुशासन तिहार’ के तहत जनता से सीधे संवाद कर रहे मुख्यमंत्री
Share

 

 

 

 

 

By Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed