प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 01 जून 2025

छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी और अच्छी खबर है क्योंकि छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती जल्द शुरू होने वाली है । दरअसल, सरकार का तर्क है कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावशील बनाने के लिए शिक्षकों के रिक्त पदों पर चरणबद्ध भर्ती की जाएगी। प्रथम चरण में 5,000 शिक्षकों की भर्ती होगी। इस निर्णय से प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययन अध्यापन व्यवस्था को गति मिलेगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी। शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
CM विष्णुदेव साय दुर्ग, कोंडागांव और रायपुर जिले के कार्यक्रमों में होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज चंद्रनाहु कुर्मी क्षत्रिय समाज केंद्रीय महाधिवेशन में शामिल होंगे । यह कार्यक्रम दुर्ग जिले के ग्राम कोलिहापुरी में होगा । इस कार्यक्रम के बाद सीएम कोंडागांव में भोंगापाल बुद्ध महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे । इस कार्यक्रम के बाद रायपुर में ‘देवांगन महाकुंभ -2025’ कार्यक्रम जो पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में हो रहा है उसमें शामिल होंगे ।
छत्तीसगढ़ में NIA की रेड
पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में CRPF जवान मोतीराम जाट की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) ने छत्तीसगढ़ समेत देश के 8 राज्यों में 15 स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई आतंकी गतिविधियों में संदिग्ध वित्तीय लेनदेन, टेरर फंडिंग समेत अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े मामले में की गई।
NIA की टीम ने शनिवार को दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और असम राज्यों के 15 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग जगहों से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
बारिश को लेकर आज सिर्फ 5 जिलों में यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश आज से धीमी पड़ सकती है। सिनॉप्टिक सिस्टम के बदलाव के चलते अगले 5 दिन ड्राई हो सकते हैं। यानी बहुत ज्यादा बारिश होने की संभावना नहीं है। औसतन तापमान में 2-4 डिग्री वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी बढ़ेगी।
मौसम विभाग ने आज सिर्फ सरगुजा, जशपुर, जगदलपुर, बस्तर और बीजापुर समेत 5 जिलों में ही यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। वहीं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके अलावा बाकी अन्य जिलों में मौसम में सामान्य रहेगा।
वहीं पिछले 24 घंटे की बात करें तो अधिक तापमान 36.4 डिग्री बिलासपुर का रहा, जबकि सबसे कम तापमान 23.8°C गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का रहा। इसके अलावा प्रदेश में बारिश की बात करें तो दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा नॉर्मल से बहुत अधिक बारिश हो चुकी है।
IPL क्वालीफायर में पंजाब और मुंबई का मुकाबला
IPL के दूसरे क्वालीफायर में आज पंजाब और मुंबई के बीच मुकाबला होगा । जीतने वाली टीम सीधा फाइनल में प्रवेश करेगी और हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी । जीतने वाली टीम का मुकाबला फाइनल में तीन जून को बैंगलोर से होगा । आज का मैच शाम 7:30 बजे से नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा।




