बिलासपुर, 03 जून 2025
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए कड़ा जवाब दिया, जिसकी देशभर में प्रशंसा हो रही है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत से पूर्व विधायक अरुण तिवारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवादों में घिर गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अरुण तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। यह पोस्ट वायरल होते ही विरोध शुरू हो गया।
पन्ना नगर निवासी रंजीत यादव ने इस मामले में बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता रंजीत यादव ने बताया कि वह छात्र राजनीति और समाज सेवा से जुड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर के प्रति उसका गहरा सम्मान है। तिवारी की पोस्ट से उसकी भावनाएं आहत हुईं, जिसके बाद उसने यह शिकायत की।
पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अरुण तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने फेसबुक पोस्ट की जांच शुरू कर दी है और डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।





